US Sanctions on Iran: अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने सोमवार को ईरान के कई लोगों और संस्थाओं पर नए प्रतिबंध लगाए। मंत्रालय ने इन्हें फ़्रंट कंपनियां और करेंसी एक्सचेंज हाउस बताया है। ये सभी बातें अमेरिकी वित्त मंत्रालय के बयान और दावे हैं।
प्रतिबंधों की सूची में कौन-कौन
मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी सूची में दो दर्जन नाम शामिल हैं। इनमें ईरान के नौ नागरिकों के अलावा मुख्य रूप से तेहरान और दुबई में मौजूद कंपनियां हैं।
‘शैडो बैंकिंग नेटवर्क’ पर निशाना
वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा कि ये प्रतिबंध ईरान के ग्लोबल ‘शैडो बैंकिंग नेटवर्क’ को रोकने की बड़ी कोशिश का हिस्सा हैं। मंत्रालय के मुताबिक़ इस नेटवर्क के ज़रिए अरबों डॉलर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भेजे जाते हैं, जिससे ईरान को व्यापक प्रतिबंधों के बावजूद विदेशी मुद्रा हासिल करने में मदद मिलती है।
वित्त मंत्री बेसेंट का बयान
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ईरान की अर्थव्यवस्था डूब रही है और उसके नेता घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान का शैडो बैंकिंग सिस्टम आर्थिक रूप से दिवालिया हो चुकी सरकार के लिए आख़िरी वित्तीय सहारा है। उनके मुताबिक़ वित्त मंत्रालय इन अवैध नेटवर्क को ख़त्म करना जारी रखेगा, जब तक इसकी जड़ तक नहीं पहुंच जाते।