मुंबई. नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने एक लावारिस नौवहन कंटेनर से बड़ी मात्रा में हेरोइन जब्त की है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 362.5 करोड़ रुपये है. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि यह कंटेनर पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग से सटे रायगढ़ जिले के पनवेल कस्बे में एक यार्ड में पड़ा था. उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआत में ऐसा संदेह था कि जब्त किया गया मादक द्रव्य मॉर्फीन था लेकिन बाद में पाया गया कि यह हेरोइन है.
अधिकारी ने कहा कि कंटेनर के दरवाजे में छिपाकर मादक द्रव्य के 168 पैकट रखे गए थे. उन्होंने बताया कि एक विशिष्ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा ने बृहस्पतिवार को पनवेल के अजवाली गांव में एक निजी कंपनी के परिसर पर छापा मार तलाशी ली. वहां कंटेनर लावारिस पड़ा था.