रूस के आक्रमण के बाद यूक्रेन से पहली बार अनाज का निर्यात शुरू, जेलेंस्की ने किया निरीक्षण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Jul 2022 08:56 PM
रूस के आक्रमण के बाद यूक्रेन से पहली बार अनाज का निर्यात शुरू, जेलेंस्की ने किया निरीक्षण
ऑडियो सुनें

ओडेसा. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को ओडेसा क्षेत्र में काला सागर के पास स्थित एक पोत का दौरा कर अनाज की निर्यात व्यवस्था का निरीक्षण किया. रूस के आक्रमण की शुरुआत के बाद पहली बार यूक्रेन के ओडेसा क्षेत्र से अनाज के निर्यात की शुरुआत हुई है. यूक्रेन से अनाजों का निर्यात शुरू होने से खाद्य संकट का सामना कर रहे दुनिया के कई देशों के लाखों लोगों को राहत मिलेगी.

जेलेंस्की ने कहा, ‘‘युद्ध की शुरुआत के बाद से पहली बार जहाज के जरिए अनाज का निर्यात फिर से शुरू हो गया.’’ उन्होंने कहा कि गेंहू और अन्य प्रकार के अनाजों का निर्यात कई जहाजों के प्रस्थान के साथ शुरू होगा. इन जहाजों पर पहले ही अनाज का लदान किया जा चुका है, लेकिन फरवरी में रूस के आक्रमण के कारण ये जहाज यूक्रेन के बंदरगाहों से रवाना नहीं हो सके थे.

यूक्रेन गेहूं, जौ, मक्का और सूरजमुखी के तेल का एक प्रमुख वैश्विक निर्यातक है. रूस के आक्रमण के कारण निर्यात बाधित होने से दुनिया भर में खाद्य पदार्थों की कीमतें काफी बढ़ गयी हैं जिसके परिणामस्वरूप कई संवेदनशील देशों में बड़ी संख्या में लोग गरीबी और भुखमरी का सामना कर रहे हैं. जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन की सेना अनाजों से भरे जहाजों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.

उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे लिए महत्वपूर्ण है कि यूक्रेन वैश्विक खाद्य सुरक्षा का गारंटर बना रहे.’’ ओडेसा के पोत का जेलेंस्की का यह दौरा दुनिया को यह बताने की कोशिश है कि वह पिछले सप्ताह हुए समझौतों के बाद लाखों टन अनाज का निर्यात करने को तैयार हैं. रूस और यूक्रेन के बीच हुए इस समझौते की मध्यस्थता तुर्की और संयुक्त राष्ट्र ने की थी. दोनों पक्ष काला सागर पर सुरक्षित गलियारों के माध्यम से तीन यूक्रेनी बंदरगाहों से गेहूं और अन्य अनाज के निर्यात की सुविधा के साथ-साथ रूस से उर्वरक और भोजन सामग्री के निर्यात की सुविधा शुरू करने को लेकर सहमत हुए थे.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu