व्यक्ति के मलाशय में फंसे स्टील के गिलास को सर्जरी के जरिए निकाला गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Aug 2022 09:56 PM
व्यक्ति के मलाशय में फंसे स्टील के गिलास को सर्जरी के जरिए निकाला गया
ऑडियो सुनें

बेहरामपुर. ओडिशा के गंजम जिले के सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों ने सर्जरी के जरिए एक व्यक्ति के मलाशय से स्टील के गिलास को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया. गुजरात के सूरत में 10 दिन पहले एक शराब पार्टी हुई थी, जिसमें कृष्ण चंद्र राउत नामक व्यक्ति के दोस्तों ने कथित रूप से उसके मलाशय में लगभग 8 सेंटीमीटर व्यास और 15 सेंटीमीटर लंबाई वाला गिलास घुसा दिया था. गुजरात में शराब प्रतिबंधित है.

इसके बाद राउत (45) के पेट में बहुत तेज दर्द हुआ, लेकिन उसने शर्म के कारण किसी को इस बारे में नहीं बताया. वह सूरत में पकड़ा मिल में काम करता है. सूरत में इलाज कराने के बजाय वह भुवनेश्वर से लगभग 140 किलोमीटर दूर बुगुडा प्रखंड के बलीपादर में अपने पैतृक गांव लौट आया. पीड़ित का पेट फूलने लगा और वह घटना के बाद से शौच भी नहीं कर पाया था. इससे ंिचतित होकर उसके परिवार के सदस्य पिछले शुक्रवार उसे बेहरामपुर शहर में एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए.

अस्पताल के सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर संजीत नायक ने कहा कि राउत ने तब तक मलाशय में गिलास घुसे होने के बारे में नहीं बताया, जब तक एक्स-रे में इसका खुलासा नहीं हो गया. सर्जरी विभाग में प्रोफेसर चरण पांडा ने कहा, ”हमने उसी दिन सर्जरी के जरिए गिलास बाहर निकालने के लिए डॉक्टरों की एक टीम का गठन किया क्योंकि उसकी हालत गंभीर थी.” पांडा ने बताया कि आरंभ में चिकित्सकों ने गुदा के माध्यम से गिलास निकालने का प्रयास किया. बाद में, उन्होंने पेट में चीरा लगाने का फैसला किया, क्योंकि गुदा के रास्ते गिलास निकालने से संक्रमण की आशंका थी.

डॉक्टर ने कहा कि गिलास को निकालने में करीब ढाई घंटे का समय लगा. मरीज की हालत ठीक है और उसे अगले चार-पांच दिन तक निगरानी में रखा जाएगा. सूत्रों ने बताया कि उसके पेट में ‘कोलेस्टमी शीट’ लगी है और शौच के लिए यह अगले कुछ दिन और लगी रहेगी. फिलहाल पेशाब करने में उसे किसी प्रकार की परेशानी नहीं है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu