पाकिस्तान को दूसरी बार पीटने के लिए तैयार है टीम इंडिया, देखें खिलाड़ियों ने कैसे की तैयारी

एशिया कप 2022 में सुपर चार की सभी टीमें तय हो चुकी हैं। अब भारत का अगला मुकाबला रविवार को पाकिस्तान के साथ है। इस मैच से पहले भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ रही हैं। इससे पहले हुए मुकाबले में भारत ने पांच विकेट के अंतर से जीत हासिल की थी। पिछले मुकाबले में भारत की जीत में अहम योगदान देने वाले रवींद्र जडेजा चोट के चलते टीम से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह अक्षर पटेल को मौका दिया गया है। वहीं, पाकिस्तान की टीम ने हॉन्गकॉन्ग पर बड़ी जीत हासिल की है और यह टीम पूरी तरह लय में आ चुकी है। ऐसे में भारत के लिए दूसरा मुकाबला जीतना आसान नहीं होगा।

पहले मैच में जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है और पाकिस्तान को दूसरी बार हराने के लिए टीम इंडिया तैयार है।

बीच वॉलीबॉल खेलते भारतीय खिलाड़ी
सुपर चार में पहुंचने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने बीच में मस्ती की थी और इसके बाद नेट्स में जमकर पसीना बहाया। सभी खिलाड़ियों ने अपनी कमजोरियों पर काम किया और लय हासिल की।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा ने काफी देर तक चर्चा की। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई थी और जडेजा के बाहर जाने के बाद भारत को बेहतर रणनीति के साथ मैदान पर उतरना होगा।

पाकिस्तान के खिलाफ 35 रन और हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 59 रन की पारी खेलने वाले विराट कोहली ने भी जमकर अभ्यास किया। विराट लंबे समय से मैच जिताऊ पारी नहीं खेल पाए हैं। एशिया कप में उन्होंने उम्मीद जगाई है और आने वाले मैचों में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले ऋषभ पंत ने भी जमकर अभ्यास किया। हालांकि, हार्दिक पांड्या के टीम में वापस आने पर उन्हें टीम से बाहर जाना होगा। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में भी वह टीम का हिस्सा नहीं थे। हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ पांड्या को आराम दिया गया था और पंत टीम में शामिल हुए थे।

सूर्यकुमार यादव ने हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की और पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले जमकर अभ्यास किया। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार जल्दी आउट हो गए थे। इस मैच में उनकी कोशिश बड़ी पारी खेलने की होगी।

इस मैच से पहले हार्दिक पांड्या ने भी जमकर पसीना बहाया। हार्दिक ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में टीम इंडिया को जीत दिलाई थी। उन्होंने पहले गेंद के साथ तीन विकेट निकाले थे। इसके बाद 17 गेंद में 33 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई थी।

रविचंद्रन अश्विन को इस टूर्नामेंट में अब तक मौका नहीं मिला है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले उन्होंने जमकर अभ्यास किया। युजवेन्द्र चहल दोनों मैचों में विकेट नहीं ले पाए हैं। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें मौका दिया जा सकता है।

रवि बिश्नोई को भी इस टूर्नामेंट में अब तक खेलने का मौका नहीं मिला है। दोनों मैचों में चहल और जडेजा ही स्पिन गेंदबाज थे। अब जडेजा के बाहर जाने पर बिश्नोई को मौका मिल सकता है। हालांकि, इसकी उम्मीद कम है, क्योंकि इससे भारत की बल्लेबाजी कमजोर होगी।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले दिनेश कार्तिक ने विकेटकीपिंग का अभ्यास किया। इससे यह साफ हो चुका है कि कार्तिक ही पाकिस्तान के खिलाफ विकेटकीपिंग करेंगे। ऐसे में ऋषभ पंत को टीम में जगह मिलना बहुत मुश्किल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button