गृह मंत्रालय से सोनाली फोगाट की मौत का मामला सीबीआई को सौंपने का आग्रह करेंगे : सावंत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 12 Sep 2022 01:05 PM
गृह मंत्रालय से सोनाली फोगाट की मौत का मामला सीबीआई को सौंपने का आग्रह करेंगे : सावंत
ऑडियो सुनें

पणजी: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा कि सरकार केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सोनाली फोगाट की मौत के मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का अनुरोध करेगी। हरियाणा के हिसार से भाजपा नेता फोगाट (43) की पिछले महीने गोवा में मौत हो गयी थी और ऐसी आशंका है कि उनकी हत्या की गयी।

सावंत ने पणजी में पत्रकारों से कहा कि गोवा पुलिस ने मामले की ‘‘बहुत अच्छी जांच’’ की है और उसे कुछ सुराग भी मिले हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हरियाणा के लोगों तथा सोनाली फोगाट की बेटी की मांग के कारण हमने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का अनुरोध करने का निर्णय लिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं केंद्रीय गृह मंत्रालय को निजी रूप से पत्र लिखूंगा।’’

गोवा पुलिस ने इस मामले के संबंध में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से दो व्यक्ति फोगाट के सहयोगी हैं। पुलिस ने इन दोनों पर हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav