रन आउट को सही ठहराने के लिए भारत को चेतावनी के बारे में झूठ बोलने की जरूरत नहीं: नाइट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 Sep 2022 08:36 PM
रन आउट को सही ठहराने के लिए भारत को चेतावनी के बारे में झूठ बोलने की जरूरत नहीं: नाइट
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/लंदन. कूल्हे की चोट से उबर रही इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट ने अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में दीप्ति शर्मा के गेंदबाजी छोर पर चार्ली डीन को रन आउट करने से पहले उन्हें चेतावनी देने को लेकर भारतीय महिला टीम पर ‘झूठ बोलने’ का आरोप लगाया है.

भारत ने शनिवार को इंग्लैंड को 16 रन से हराया जब आलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इंग्लैंड की अंतिम बल्लेबाज डीन (47) को रन आउट किया क्योंकि वह गेंदबाजी छोर पर गेंद फेंके जाने से पहले ही क्रीज छोड़कर काफी आगे निकल गईं थी. डीन को इस तरह से आउट किए जाने को लेकर इंग्लैंड की टीम नाखुश थी और इसके बाद ‘खेल भावना’ को लेकर बहस शुरू हो गई.

स्वदेश लौटने के बाद दीप्ति ने सोमवार को खुलासा किया कि चार्ली डीन को रन आउट किए जाने से पहले क्रीज से बाहर निकलने को लेकर कई बार आगाह किया गया था. नाइट ने हालांकि कई ट्वीट करके दीप्ति के दावे को खारिज किया. नाइट ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘मैच खत्म हो चुका है. चार्ली को वैध तरीके से आउट किया गया. भारत मैच और श्रृंखला जीतने का हकदार था लेकिन कोई चेतावनी नहीं दी गई.’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसे देने की कोई जरूरत नहीं थी, इससे आउट होना कम वैध नहीं हो जाता. लेकिन अगर वे रन आउट करने के फैसले के साथ सहज हैं तो फिर भारत को चेतावनी के बारे में झूठ बोलकर इसे सही ठहराने की जरूरत महसूस नहीं होनी चाहिए.’’

रन आउट से जुड़े नियमों को लेकर स्पष्टता चाहती हैं केट क्रॉस

इंग्लैंड की तेज गेंदबाज केट क्रॉस यहां लार्ड्स में भारत के खिलाफ अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में चार्ली डीन के विवादास्पद तरीके से रन आउट होने के बाद चाहती हैं कि गेंदबाजी छोर पर क्रीज से बाहर निकलने पर रन आउट से जुड़े ‘अस्पष्ट’ नियम को स्पष्ट किया जाना चाहिए. भारत ने शनिवार को इंग्लैंड को 16 रन से हराया जब आलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इंग्लैंड की अंतिम बल्लेबाज डीन (47) को रन आउट किया क्योंकि वह गेंदबाजी छोर पर गेंद फेंके जाने से पहले ही क्रीज छोड़कर काफी आगे निकल गईं थी.

डीन को इस तरह से आउट किए जाने को लेकर इंग्लैंड की टीम नाखुश थी और इसके बाद ‘खेल भावना’ को लेकर बहस शुरू हो गई.
क्रॉस ने बीबीसी के नो बॉल पोडकास्ट पर कहा, ‘‘इस तरह की चीजों से मुझे लगता है कि यह चीज सामने आती है कि नियमों को सही तरीके से नहीं लिखा गया है जिससे कि वे स्पष्ट हों.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि नियमों को लेकर और स्पष्ट शब्दों का इस्तेमाल करने की जरूरत है क्योंकि यह काफी अस्पष्ट है. यह नजरिए पर निर्भर करता है जैसे कि गेंदबाज कहां से गेंदबाजी कर रहा था. इसे स्पष्ट कीजिए, यह पैर के पिछले हिस्सा का संपर्क हो या अगले हिस्से का संपर्क, जो भी है. ’’ क्रॉस ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि चेतावनी देने की जरूरत है और उन्हें नियमों को स्पष्ट करने की जरूरत है कि अगला पैर कहां गिरता है या गेंदबाज कहां से गेंदबाजी कर रहा है. इसे स्पष्ट कीजिए.’’

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu