मशहूर अभिनेता अरुण बाली का निधन, शनिवार को किया जाएगा अंतिम संस्कार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 07 Oct 2022 09:55 PM
मशहूर अभिनेता अरुण बाली का निधन, शनिवार को किया जाएगा अंतिम संस्कार
ऑडियो सुनें

मुंबई. मशहूर अभिनेता अरुण बाली का शुक्रवार को सुबह उपनगरीय मुंबई में उनके आवास पर निधन हो गया. वह 79 वर्ष के थे.
बाली का अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा. बाली को धारावाहिक ‘स्वाभिमान’ और हिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ में निभाए गए उनके किरदार के लिए काफी सराहना मिली थी.

बाली के बेटे अंकुश ने बताया कि उनके पिता ‘मायस्थेनिया ग्रेविस’ से पीड़ित थे. उन्हें इस साल की शुरुआत में एक अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था. ‘मायस्थेनिया ग्रेविस’ नसों और मांसपेशियों के बीच संचार विफलता के कारण होने वाली एक आॅटोइम्यून बीमारी है. अंकुश के मुताबिक, इलाज का उनके पिता पर असर दिख रहा था, लेकिन सुबह करीब साढ़े चार बजे उनका निधन हो गया.

अंकुश ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मेरा पिता हमें छोड़ गए. वह ‘मायस्थेनिया ग्रेविस’ से पीड़ित थे. हर दो-तीन दिन में उनके स्वभाव में बदलाव दिखता था. उन्होंने उनकी देखभाल करने वाले को कहा कि उन्हें शौचालय जाना है और वापस आने के बाद कहा कि वह बैठना चाहते हैं और फिर वह नहीं उठे.’’ बाली ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत प्रसिद्ध फिल्म निर्माता लेख टंडन के टीवी शो ‘दूसरा केवल’ से की थी, जिसमें शाहरुख खान भी थे. उन्होंने ‘चाणक्य’, ‘स्वाभिमान’, ‘देस में निकला होगा चांद’, ‘कुमकुम-एक प्यारा सा बंधन’ जैसे धारावाहिकों में भी अहम किरदार निभाए थे.

बाली ‘सौगंध’, ‘राजू बन गया जेंटलमैन’, ‘खलनायक’, ‘सत्या’, ‘हे राम’, ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘रेडी’, ‘बर्फी’, ‘मनर्मिजयां’, ‘केदारनाथ’, ‘सम्राट पृथ्वीराज’ और ‘लाल सिंह चड्ढा’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए थे. उनकी आखिरी फिल्म ‘गुडबॉय’ इस शुक्रवार यानी आज ही रिलीज हुई है. फिल्म में अमिताभ बच्चन और रश्मिका मंदाना प्रमुख किरदारों में हैं. बाली के परिवार में उनका एक बेटा और तीन बेटियां हैं. उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा.

फिल्म जगत से अभिनेत्री नीना गुप्ता, अभिनेता अभिषेक बच्चन, फिल्मकार निखिल आडवाणी और निर्माता अशोक पंडित ने बाली के निधन पर शोक व्यक्त किया है. ‘गुडबॉय’ में बाली के साथ काम करने वालीं नीना गुप्ता ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘अलविदा अरुण बाली. अरुण बाली के साथ ‘परंपरा’ सीरीज की शूंिटग के दौरान सेट पर मेरा पहला दिन. बहुत खुशी है कि हमें साथ में हाल ही में ‘गुडबॉय’ की शूंिटग करने का मौका मिला.’’ अभिषेक बच्चन ने बाली को बेहद गर्मजोशी भरे स्वभाव और प्यार करने वाले अभिनेता के रूप में याद किया.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘उनके साथ कई फिल्मों में काम करने का मौका मिला. उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं. ओम शांति.’’ फिल्मकार निखिल आडवाणी ने लिखा, ‘‘अरुण बाली सर के निधन का दुखद समाचार मिला. मुझे उनके साथ काम करने का अद्भुत सौभाग्य मिला. वह हमेशा शांत रहा करते थे और उनके चेहरे पर एक मुस्कान हुआ करती थी.’’ अशोक पंडित ने ट्वीट किया, ‘‘अनुभवी अभिनेता और एक महान इंसान अरुण बाली जी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ. उनके परिवार और करीबी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. उनका निधन टीवी और फिल्म उद्योग के लिए एक बड़ी क्षति है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav