निर्माणाधीन ओवरब्रिज से गिरी कार और बाइक, पति-पत्नी की मौत, बेटी और कार चालक घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 10 Dec 2022 12:00 PM
निर्माणाधीन ओवरब्रिज से गिरी कार और बाइक, पति-पत्नी की मौत, बेटी और कार चालक घायल

ऑडियो सुनें

भिलाई: दुर्ग जिले में कुम्हारी ओवर ब्रिज पर बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन फ्लाईओवर से बाइक और कार नीचे गिर गए। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी बेटी की हालत गंभीर है। कार का एयर बैग खुल जाने से चालक सुरक्षित है। पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के मुताबिक घटना देर रात की है। कुम्हारी ओवर ब्रिज अभी अंडर कंस्ट्रक्शन है। बढ़ते ट्रैफिक के कारण ब्रिज के एक साइड को हल्के वाहन के लिए खोला गया है और दूसरे तरफ में काम चल रहा है। निर्माण कंपनी ने ब्रिज के दूसरे साइड वाली रोड में वाहन नहीं जाने के लिए बेरिकेड्स नहीं लगाए हैं। रात में बाइक सवार ब्रिज की रॉन्ग साइड वाली रोड में चढ़ गए। अचानक 48 नंबर पिलर के बाद ब्रिज खत्म हो गया और बाइक चालक सीधे नीचे जा गिरे। बाइक चालक 48 नंबर पिलर में ही अटक गया। वहीं उसकी पत्नी और बेटी नीचे जा गिरे। दुर्घटना में बाइक चालक और उसकी पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बेटी को गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज चल रहा है।

बाइक सवार के ब्रिज से नीचे गिरने के कुछ देर बात ही एक कार तेजी से आई और उसी जगह नीचे सड़क पर जा गिरी। गनीमत ये रही कि कार का एयर बैग खुल गया ड्राइवर को कुछ नहीं हुआ। उसे मामूली चोटें आई हैं। अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
कुम्हारी पुलिस के मुताबिक ब्रिज अभी अधूरा है। इसके बाद भी वहां न तो कोई बेरिकेड्स लगाए गए हैं और न डायवर्सन किया गया है। इससे लोग अधूरे ब्रिज में जा रहे हैं। ठंड में कोहरे के चलते अधूरा ब्रिज दिखाई नहीं दे रहा और हादसे बढ़ रहे हैं। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav