प्रधानमंत्री मोदी 30 दिसंबर को बंगाल की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Dec 2022 08:36 PM
प्रधानमंत्री मोदी 30 दिसंबर को बंगाल की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी तक चलने वाली नयी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को शुक्रवार को हरी झंडी दिखाएंगे जिससे इस मार्ग पर अन्य ट्रेनों के मुकाबले यात्रा का समय तीन घंटे तक कम हो जाएगा. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि अभी इस मार्ग पर औसतन करीब 10:45 घंटे में 564 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली 14 ट्रेन हैं.

उन्होंने बताया कि नयी ट्रेन 7:45 घंटे में यह दूरी तय कर लेगी जिससे कोलकाता और पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार सिलीगुड़ी के बीच यात्रा का समय कम हो जाएगा. यह ट्रेन तीन स्टेशन- बारसोई, मालदा और बोलपुर में रुकेगी. नीले और सफेद रंग की यह ट्रेन पहले ही पूर्वी रेलवे के लिलुआ लोको शेड में पहुंच गयी है.

आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन उत्तरी बंगाल के पर्वतीय क्षेत्रों और दुआर्स के साथ ही सिक्किम जाने वाले पर्यटकों को आर्किषत कर सकती है. यह ट्रेन खासतौर से उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो अपने-अपने गंतव्यों तक जाने से पहले सिलीगुड़ी में रात बिताना नहीं चाहते.

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन में 16 डिब्बे होंगे जिनमें से दो डिब्बे चालकों के लिए होंगे. ट्रेन में दो एग्जीक्यूटिव कार जबकि बाकी सामान्य चेयर कार होंगी. प्रत्येक चेयर कार में 78 सीट होंगी और विशेष रूप से डिजाइन की गयी मेज होंगी. अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन सुबह छह बजे हावड़ा स्टेशन से रवाना होगी और दोपहर डेढ़ बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी. एक घंटे रुकने के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर करीब ढाई बजे न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होगी और रात 10 बजे कोलकाता पहुंचेगी. पूर्वी रेलवे की

समयसारिणी के अनुसार ट्रेन एक सप्ताह में छह दिन चलेगी. यह सातवीं वंदे भारत एक्सप्रेस होगी और पूर्वी क्षेत्र से पहली होगी. उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और नयी दिल्ली में पहले ही ऐसी ट्रेन चल रही है. अगले तीन साल में रेलवे की देशभर में ऐसी 400 ट्रेन चलाने की योजना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu