कर्नाटक में 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने संबंधी कांग्रेस का चुनावी वादा ‘गैर-जिम्मेदाराना, तर्कहीन’: बोम्मई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Jan 2023 06:17 PM
ऑडियो सुनें

हुबली. कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा राज्य में सत्ता में आने पर सभी परिवारों को हर महीने 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने संबंधी चुनावी वादे को ‘‘गैर-जिम्मेदाराना और तर्कहीन’’ करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस की इस घोषणा से पता चलता है कि ‘‘वे चुनावी होड़ में कितने निम्न स्तर पर पहुंच गये हैं.’’ बोम्मई ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘यह एक गैर-जिम्मेदाराना और तर्कहीन फैसला है. वे (कांग्रेस) हताश हैं.

इसलिए वे ऐसी घोषणा कर रहे हैं. कांग्रेस से ऐसी कई और घोषणाओं की उम्मीद है.’’ कांग्रेस ने बुधवार को वादा किया था कि कर्नाटक में सत्ता में आने पर वह राज्य के हर घर को प्रत्येक महीने 200 यूनिट नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराएगी. बेलगावी में बस से राज्यव्यापी ‘प्रजा ध्वनि यात्रा’ की शुरुआत करते हुए कांग्रेस ने जनता को अपनी ‘‘पहली गारंटी’’ के तौर पर नि:शुल्क बिजली देने का वादा किया था.

बोम्मई ने दावा किया कि कांग्रेस झूठे वादे करके चुनाव जीतना चाहती है. उन्होंने कहा कि कई वर्षों तक राज्य में शासन करने वाली पार्टी को इस तरह के ‘‘गैर जिम्मेदाराना बयान’’ देना शोभा नहीं देता. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह तब तो स्वीकार्य हो सकता था, जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल ने ऐसा ही बयान दिया होता क्योंकि वह (राजनीति में) नए हैं. जब कांग्रेस सरकार छह घंटे (एक दिन) के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रही है, तो वे मुफ्त बिजली कैसे दे सकते हैं.’’ कर्नाटक में इस साल मई में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu