छत्तीसगढ़ में सरकारी अस्पतालों में ‘ब्रांडेड’ दवाइयां लिखने पर होगी कड़ी कार्रवाई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Apr 2022 08:35 PM
छत्तीसगढ़ में सरकारी अस्पतालों में ‘ब्रांडेड’ दवाइयां लिखने पर होगी कड़ी कार्रवाई
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के सरकारी अस्पतालों में जेनेरिक दवाइयों के बजाए ‘ब्रांडेड’ दवाएं लिखने पर नाराजगी जताई है. बघेल ने ‘ब्रांडेड’ दवाई लिखने वाले सरकारी चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा है. राज्य के जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि मुख्यमंत्री बघेल ने सोमवार को यहां अपने निवास कार्यालय में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और पर्यावरण एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक की. मुख्यमंत्री ने बैठक में श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना की समीक्षा के दौरान सरकारी अस्पतालों में जेनेरिक दवाइयों की बजाय ‘ब्रांडेड’ दवाई लिखने पर कड़ी नाराजगी जताई है.

उन्होंने कहा कि जो सरकारी चिकित्सक ‘ब्रांडेड’ दवाइयां लिखते हैं उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव ने तत्काल सभी जिलाधिकारियों और सीएमएचओ को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यह सुनिश्चित करें की चिकित्सक सिर्फ जेनेरिक दवाइयां ही लिखें.

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री को यह जानकारी मिली थी कि बार-बार हिदायत के बावजूद चिकित्सक जेनेरिक की बजाय ‘ब्रांडेड’ दवाइयां लिख रहे हैं. उन्होंने बताया कि लोगों को सस्ती दवाइयां मिलें, इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर की शुरुआत की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu