तमिलनाडु में घबराएं नहीं प्रवासी मजदूर, यहां के लोग बहुत अच्छे व मिलनसार हैं: राज्यपाल आर एन रवि

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Mar 2023 06:22 PM
तमिलनाडु में घबराएं नहीं प्रवासी मजदूर, यहां के लोग बहुत अच्छे व मिलनसार हैं: राज्यपाल आर एन रवि
ऑडियो सुनें

चेन्नई. तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि ने राज्य में प्रवासी श्रमिकों पर हमले की कथित अफवाहों के मद्देनजर रविवार को उनकी (प्रवासी श्रमिकों की) सभी आशंकाओं को दूर करने की कोशिश करते हुए कहा कि तमिलनाडु के लोग अच्छे और मिलनसार हैं.
राजभवन ने इस बारे में तमिल, अंग्रेजी और हिंदी में ट्वीट किया.

राजभवन ने ट्वीट किया, ‘‘तमिलनाडु में उत्तर भारतीय श्रमिकों से नहीं घबराने एवं असुरक्षित महसूस न करने का आग्रह करते हुए राज्यपाल ने कहा कि तमिलनाडु के लोग बहुत अच्छे एवं मिलनसार हैं तथा राज्य सरकार उन्हें सुरक्षा प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है.’’ मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने बिहार के अपने समकक्ष नीतीश कुमार को शनिवार को आश्वासन दिया था कि राज्य में सभी प्रवासी मजदूर सुरक्षित हैं और पुलिस ने अफवाह फैलाने के आरोप में एक दैनिक हिंदी समाचार पत्र के दो पत्रकारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

अन्नाद्रमुक के अपदस्थ नेता ओ. पनीरसेल्वम ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कर्तव्यबद्ध है. उन्होंने यह भी कहा कि उसे तमिलनाडु स्थित कंपनियों में राज्य के युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करना चाहिए. इस बीच, पुलिस ने कथित तौर पर इस मामले में भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख के. अन्नामलाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

अन्नामलाई ने ट्वीट किया, ‘‘मैं समझता हूं कि द्रमुक ने मेरे खिलाफ मामले दर्ज करके उत्तर भारतीय भाइयों के खिलाफ अपने सात दशक पुराने दुष्प्रचार को उजागर कर दिया है.’’ उन्होंने सत्तारूढ़ द्रमुक को उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu