मेघालय में मंगलवार को एमडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Mar 2023 07:28 PM
मेघालय में मंगलवार को एमडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे मोदी
ऑडियो सुनें

शिलांग. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. यह जानकारी अधिकारियों ने दी. सत्ताईस फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 59 में से 26 सीट पर अपनी पार्टी को बड़ी जीत दिलाने के बाद नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) प्रमुख संगमा मंगलवार को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘कल प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं. वह राजभवन में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. मोदी के दौरे से पहले शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

एनपीपी के नेतृत्व वाले मेघालय लोकतांत्रिक गठबंधन (एमडीए) ने 32 विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपकर इस पूर्वोत्तर राज्य में अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया था. उसके बाद उसे यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के 11 विधायकों और पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट (पीडीएफ) के दो विधायकों का भी समर्थन मिल गया. इसके साथ ही संगमा को कुल 45 विधायकों का समर्थन हासिल है.

संगमा ने कहा कि एनपीपी को आठ और 11 विधायकों वाले सहयोगी दल यूडीपी को दो, जबकि दो-दो विधायकों वाली भाजपा और एचएसपीडीपी को एक-एक मंत्री पद मिलेगा. इससे पहले दिन में अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) टिमोथी डी. शिरा ने सभी 59 विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu