कुछ खिलाड़ी NCA के स्थायी निवासी बन गए हैं, लगातार चार मैच नहीं खेल सकते : शास्त्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 12 Apr 2023 08:01 PM
कुछ खिलाड़ी NCA के स्थायी निवासी बन गए हैं, लगातार चार मैच नहीं खेल सकते : शास्त्री
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने देश के कुछ प्रमुख गेंदबाजों की चोट के प्रबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे ‘रिहैबिलिटेशन’ कराते हुए राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के स्थायी निवासी बन गए हैं . शास्त्री ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा चेन्नई सुपर ंिकग्स के तेज गेंदबाज दीपक चाहर की ओर था जो पिछले आठ महीने में कम से कम तीन बार चोटिल हो चुके हैं जबकि नितिन पटेल की अगुवाई वाली एनसीए की खेल विज्ञान और मेडिकल टीम ने उन्हें फिट करार दिया था .

शास्त्री ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो के डिजिटल वीडियो में व्यंग्यात्मक लहजे में कहा ,‘‘ ऐसे भी कह सकते हैं कि पिछले तीन या चार साल में एनसीए को स्थायी ठिकाना बनाने वाले कई हैं . उन्हें जल्दी ही निवास की अनुमति मिल जायेगी यानी वे कभी भी वहां जा सकते हैं जो अच्छी बात नहीं है .’’ बीसीसीआई द्वारा संचालित बेंगलुरू स्थित एनसीए के पास खेल विज्ञान और मेडिकल की एक विशेषज्ञ टीम है जो केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की चोटों के इलाज में मदद करती है .

चाहर को बायीं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा कमर के फ्रेक्चर के कारण सर्जरी करा चुके हैं . अक्टूबर 2021 तक भारतीय टीम के कोच रहे शास्त्री ने हैरानी जताई कि इनमें से कुछ खिलाड़ी तो सारे प्रारूप भी नहीं खेलते हैं लेकिन लगातार चार टी20 मैचों में चार चार ओवर भी नहीं डाल सकते .

उन्होंने कहा ,‘‘ ये लगातार चार मैच नहीं खेल सकते . फिर एनसीए क्यों जाते हैं . तीन मैच बाद फिर एनसीए लौट आते हैं .’ शास्त्री का मानना है कि रोहित शर्मा का फॉर्म में लौटना पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस के लिये अच्छा संकेत है . मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर तीन मैचों में पहली जीत दर्ज की . दिल्ली ने 172 रन बनाये जिसके जवाब में मुंबई ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की . रोहित ने 65 रन बनाये जो 24 पारियों के बाद उनका पहला अर्धशतक है .

शास्त्री ने कहा ,‘‘ रोहित शर्मा ने दिल्ली के खिलाफ दबाव का बखूबी सामना किया . उन्होंने मोर्चे से अगुवाई की . उनका फॉर्म में लौटना उनके और टीम के लिये अच्छा है .’’ उन्होंने कहा ,‘‘ इस जीत से आगे के मैचों के लिये मुंबई का आत्मविश्वास बढेगा .’’ इस बीच महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर चाहते हैं कि चेन्नई सुपर ंिकग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आयें. चेन्नई को बुधवार को राजस्थान रॉयल्स से खेलना है जो बतौर कप्तान धोनी का 200वां मैच है. गावस्कर ने कहा ,‘‘ मुझे उम्मीद है कि धोनी बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आयेंगे ताकि उन्हें दो तीन ओवर अधिक खेलने को मिले . वह बड़ी पारियां खेलने में माहिर हैं .’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu