पाकिस्तान की अदालत ने ईशनिंदा के मामले में चीनी नागरिकों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Apr 2023 09:24 PM
पाकिस्तान की अदालत ने ईशनिंदा के मामले में चीनी नागरिकों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
ऑडियो सुनें

पेशावर. पाकिस्तान की आतंकवाद रोधी अदालत ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कथित तौर पर ईशनिंदा करने के आरोपी चीनी नागरिक को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मीडिया ने मंगलवार को यह खबर दी. डॉन अखबार में प्रकाशित खबर के मुताबिक चीनी नागरिक तियान को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया था और सोमवार को सुरक्षा कारणों से उसे सेना के हेलीकॉप्टर से एबटाबाद ले जाया गया था, क्योंकि पुलिस को आशंका थी कि स्थानीय लोग उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं.

अखबार ने बताया कि एबटाबाद की आतंकवाद रोधी अदालत ने ईशनिंदा के मामले में गिरफ्तार तियान को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया. खबर के मुताबिक चीनी नागरिक खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के ऊपरी कोहिस्तान जिले में पाकिस्तान के सबसे बड़ी जल विद्युत परियोजना ‘दासू जलविद्युत परियोजना’ में बतौर प्रबंधक काम करता है और उसने शुक्रवार को नमाज पढ़ने जा रहे कर्मचारियों पर ईशनिंदा करने वाली कथित टिप्पणी की थी.

स्थानीय लोगों के मुताबिक चीनी प्रबंधक ने बांध परियोजना में कार्य कर रहे कर्मचारियों से शिकायत की कि वे नमाज के लिए छुट्टी लेकर ‘कीमती समय’ जाया कर रहे हैं. अखबार ने ऊपरी कोहिस्तान के जिला पुलिस अधिकारी मोहम्मद खालिद को उद्धृत किया, ‘‘ हमने ईशनिंदा और आतंकवाद के आरोप में विदेशी संदिग्ध को गिरफ्तार किया और हवाई मार्ग से ले जाकर एबटाबाद आतंकवाद रोधी अदालत के सामने पेश किया.’’ उन्होंने बताया कि संदिग्ध को कड़ी सुरक्षा में अदालत में पेश करने के बाद सोमवार शाम को हेलीकॉप्टर के जरिये इस्लामाबाद ले जाया गया.

गौरतलब है कि सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों और बांध परियोजना के कर्मचारियों ने चीनी नागरिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अहम राजमार्ग को घंटों बाधित किया जिसके बाद दासू पुलिस थाने ने सोमवार को तियान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की.
वहीं, बींिजग में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा कि इस्लामाबाद स्थित दूतावास मामले को देख रहा है. उन्होंने कहा, ‘‘चीन सरकार विदेश में रह रहे अपने नागरिकों को मेजबान देश के नियम कायदों का अनुपालन करने और स्थानीय रीति रिवाजों और परंपराओं को सम्मान देने के लिए कहती है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu