अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इंपैक्ट खिलाड़ी का नियम निकट भविष्य में लागू होता नहीं दिखता: बेहरेनडोर्फ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 21 Apr 2023 08:37 PM
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इंपैक्ट खिलाड़ी का नियम निकट भविष्य में लागू होता नहीं दिखता: बेहरेनडोर्फ
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई इंडियंस के बायें हाथ के तेज गेंदबाज जैसन बेहरेनडोर्फ का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग में लागू हुआ ‘इंपैक्ट खिलाड़ी’ का नियम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में निकट भविष्य में लागू होता नहीं दिख रहा. इंपैक्ट खिलाड़ी के नियम के तहत टीमें मैच के दौरान अंतिम एकादश में किसी एक खिलाड़ी को बदल सकती हैं.

बेहरेनडोर्फ ने मैच से पूर्व मुंबई इंडियंस की प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ मुझे नहीं लगता कि हमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह नियम देखने को मिलेगा.’’ उन्होंने कहा ,‘‘ आस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग में भी अलग अलग समय पर अलग नियम देखने को मिले हैं लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतना बदलाव संभव नहीं है .’’ मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट में खराब शुरूआत के बाद लगातार तीन मैच जीतकर वापसी की है.

इस बारे में उन्होंने कहा ,‘‘ टीम इस समय लय हासिल कर रही है . सभी शीर्ष छह बल्लेबाजों ने किसी न किसी मैच में योगदान दिया है  जो काबिले तारीफ है. हम गेंदबाजी में संयोजन तलाश रहे हैं . हमारे लिये अहम बात हर मैच में बेहतर प्रदर्शन करना है .’’ मुंबई ने अभी तक पांच में से चार मैच जोफ्रा आर्चर के बिना खेले हैं जिनकी दाहिनी कोहनी में सूजन है. उनकी गैरमौजूदगी में बेहरेनडोर्फ ने तेज गेंदबाजी की कमान संभाली है . उन्होंने कहा, ‘‘ मेडिकल टीम जोफ (आर्चर) के साथ काम कर रही है और वह भी वापसी के लिये काफी मेहनत कर रहा है. हमें उम्मीद है कि वह जल्दी ही खेलेगा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu