टेलीविजन और फिल्म अभिनेता नितेश पांडे का 52 साल की उम्र में निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 May 2023 09:31 PM
टेलीविजन और फिल्म अभिनेता नितेश पांडे का 52 साल की उम्र में निधन
ऑडियो सुनें

मुंबई. टेलीविजन धारावाहिक ‘अनुपमा’ के अभिनेता नितेश पांडे बुधवार को तड़के ग्रामीण नासिक के इगतपुरी स्थित एक होटल के कमरे में मृत पाए गए. वह 52 साल के थे. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पांडे को टेलीविजन धारावाहिक ‘साया’, ‘अस्तित्व…एक प्रेम कहानी’, और शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘ओम शांति ओम’ और दिबाकर बनर्जी की फिल्म ‘खोसला का घोसला’ में उनकी भूमिकाओं के लिए भी जाना जाता है. वह शूटिंग के लिए इगतपुरी में थे.

अधिकारी के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने इगतपुरी पुलिस थाने में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है. अधिकारी ने बताया कि पांडे अपने कमरे में बेहोश पाए गए और बाद में अस्पताल में भर्ती किए जाने से उन्हें पहले मृत घोषित कर दिया गया. जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि घटना के वक्त पांडे होटल के कमरे में अकेले थे.

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पांडे ने कुछ खाने का ऑर्डर दिया था. होटल के कर्मचारी के कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद जब अभिनेता ने दरवाजा नहीं खोला तो उसे शक हुआ. उन्होंने बताया कि जब कर्मचारियों ने मास्टर चाबी से दरवाजा खोला तो पांडे बेहोश मिले.

अधिकारी ने बताया, “घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हम मौत का सही कारण जानने के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. हम मामले की जांच कर रहे हैं.” इससे पहले दिन में पांडे के रिश्तेदार और निर्माता सिद्धार्थ नागर ने अभिनेता के निधन की जानकारी दी थी.

नागर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “वह कल सुबह शूटिंग के लिए इगतपुरी गए थे और देर रात करीब डेढ. बजे उनका निधन हो गया. खबर सच है (उनके निधन के बारे में). मैं स्तब्ध हूं, हमने दो-तीन दिन पहले बात की थी और यह अचानक कैसे हो गया.” ‘अनुपमा’ में उनके सह-कलाकार रुशद राणा के अनुसार, पांडे को दिल का दौरा पड़ा था. अभिनेता का अंतिम संस्कार मुंबई में होगा. पांडे के परिवार में उनकी पत्नी अर्पिता और एक बेटा है.

पांडे, वैभवी उपाध्याय और आदित्य सिंह राजपूत की मौत पर टिप्पणी करते हुए फिल्म निर्माता हंसल मेहता ने कहा कि फिल्म जगत ने तीन-चार दिनों के भीतर तीन युवा कलाकारों को खो दिया है. उन्होंने कहा, “आपकी आत्मा को शांति मिले प्रिय साथियों. यह इतना निर्दयी समय है…. . उनके शोक संतप्त परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं और उनके लिए प्रार्थना.” फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने पांडे को “शानदार अभिनेता और एक मजेदार व्यक्ति” के रूप में याद किया. उन्होंने कहा, “उनका निधन फिल्म और टीवी उद्योग के लिए एक बड़ी क्षति है. उनके पूरे परिवार और करीबियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं. ओम शांति.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu