छत्तीसगढ़: प्रसिद्ध कलाकारों, पूर्व आईएएस अधिकारी और कई हस्तियों ने किया भाजपा प्रवेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 Jun 2023 08:00 PM
छत्तीसगढ़: प्रसिद्ध कलाकारों, पूर्व आईएएस अधिकारी और कई हस्तियों ने किया भाजपा प्रवेश
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ. की राजधानी रायपुर में बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ.ी फिल्म के प्रसिद्ध कलाकार पद्मश्री अनुज शर्मा, लोक कलाकार पद्मश्री राधेश्याम बारले और भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी समेत कई हस्तियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ली.

भाजपा के संचार विभाग के प्रमुख अमित चिमनानी ने बताया कि पार्टी की रीति-नीति से प्रभावित होकर बृहस्पतिवार को भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर की उपस्थिति में राज्य की जानी-मानी हस्तियां अपने सैकड़ों साथियों-प्रशंसकों के साथ भाजपा से जुड़ गयीं.

उन्होंने बताया कि भाजपा में आने वालों में पद्मश्री सम्मान प्राप्त हस्तियां, पूर्व आईएएस, समाज प्रमुख, जन प्रतिनिधि, किसान, छात्र, अधिवक्ता, फिल्म निर्माता, निर्देशक, निर्माण प्रबंधक, व्यापार जगत की मशहूर हस्तियां, राज्य अलंकरण पुरस्कार से पुरस्कृत और अंतरराष्ट्रीय ख्यति प्राप्त छत्तीसगढ़ी लोककला के अग्रणी कलाकार शामिल हैं.

चिमनानी ने बताया कि विभिन्न विधाओं के राज्य अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित हस्तियां, पद्मश्री राधेश्याम बारले के नेतृत्व में दुर्ग संभाग के 169 कलाकारों, रायपुर संभाग के लगभग एक सौ और बिलासपुर संभाग के 28 कलाकारों सहित 309 कलाकारों ने भाजपा में प्रवेश किया. उन्होंने कहा कि इसी तरह पद्मश्री अनुज शर्मा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्रीज के एक दर्जन कलाकारों और आधा दर्जन निर्माता, निर्देशक, निर्माण प्रबंधक, एक दर्जन किसानों सहित 52 लोगों ने भाजपा में प्रवेश किया उनके अनुसार उनमें छात्र, व्यापारी और अधिवक्ता भी शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि भाजपा में शामिल होने वालों में अनेक जिलों के जिलाधिकारी रहे, पूर्व संयुक्त सचिव तथा प्रशासनिक सुधार आयोग के पूर्व सचिव राजपाल सिंह त्यागी भी शामिल हैं. चिमनानी ने बताया कि अखिल भारतीय मरार, माली, कुशवाहा, मौर्य, सैनी महासभा छत्तीगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र नायक पटेल के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग के रायपुर संभाग के 28 समाज प्रमुखों ने भाजपा में प्रवेश लिया.

उन्होंने बताया कि रायपुर संभाग के गोंड आदिवासी समाज के प्रमुख युवा समाजसेवी विजय ध्रुव के नेतृत्व में धमतरी-सिहावा क्षेत्र के साहू समाज, निषाद समाज, सेन समाज, कुर्मी समाज और अनुसूचित जाति वर्ग के 35 युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ली. भाजपा नेता ने बताया कि रायपुर नगर निगम के निर्दलीय पार्षद अमर बंसल के नेतृत्व में 28 समाजसेवियों ने भी भाजपा का दामन थामा.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने इस अवसर पर भाजपा की सदस्यता लेने वालों का स्वागत किया और कहा कि यह कार्यक्रम छत्तीसगढ. में पार्टी के लिए शुभ संकेतों का प्रारंभ है और इस बात पर मुहर भी है कि राज्य में कांग्रेस और उसकी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. उनका कहना था कि प्रदेश के लोग कांग्रेस के कुशासन से बेहद त्रस्त हो गए हैं और अब वे भारतीय जनता पार्टी की ओर विश्वास भरी नजरों से निहार रहे हैं.

साव ने कहा, ‘प्रदेश का जनमानस भाजपा की रीति-नीति, कार्यक्रमों और विचारधारा से प्रभावित हो रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और सुशासन ने देशवासियों के भीतर विश्वास उत्पन्न किया है. वहीं छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने वादाखिलाफी, घोटाले और भ्रष्टाचार करके छत्तीसगढ़ को कुशासन दिया है.’ चिमनानी ने बताया कि भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में हुए इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह और अन्य नेता मौजूद थे.

छत्तीसगढ. में इस वर्ष विधानसभा के चुनाव होने हैं, ऐसे में प्रसिद्ध कलाकारों और गणमान्य लोगों का भाजपा प्रवेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वर्ष 2018 में कांग्रेस ने 90 में से 68 विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करते हुए भाजपा के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया था. भाजपा को तब 15 सीट मिली थी. राज्य में हुए उपचुनावों में जीत के बाद राज्य विधानसभा में कांग्रेस के 71, भाजपा के 14, जनता काँग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के तीन और बहुजन समाज पार्टी के दो विधायक हैं.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu