सिनेमाघरों में ‘आदिपुरुष’ के प्रदर्शन के दौरान भगवान हनुमान के लिए एक ‘सीट आरक्षित’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 16 Jun 2023 07:59 PM
सिनेमाघरों में ‘आदिपुरुष’ के प्रदर्शन के दौरान भगवान हनुमान के लिए एक ‘सीट आरक्षित’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ‘आदिपुरुष’ के निर्माताओं ने सिनेमाघरों में फिल्म के प्रदर्शन के दौरान भगवान हनुमान के लिए एक ‘सीट आरक्षित’ करने का फैसला किया है. कहीं, फूलों से सजी एक सीट और उस पर भगवान हनुमान की तस्वीर रखी गयी है जबकि कहीं भगवा रंग में लिपटी भगवान की तस्वीर और उस पर हिंदी में “जय श्री राम” लिखा हुआ दिखा. देशभर के सिनेमाघरों में ‘आदिपुरुष’ के प्रदर्शन के दौरान इसी तरह के दृश्य देखने को मिल रहे हैं.

सिनेमाघरों में कुछ लोगों को इस सीट के पास प्रार्थना करते हुए देखा गया जबकि कुछ सीट के पास रुककर सेल्फी लेते हुए भी दिखाई दिए. कुछ सिनेमाघरों में भगवान हनुमान के लिए ‘आरक्षित सीट’ के पास लोगों ने अगरबत्तियां जलाईं और नारियल भी चढ.ाए.
एक्शन और ‘स्पेशल इफेक्ट्स’ से भरपूर फिल्म ‘आदिपुरुष’ संस्कृत महाकाव्य रामायण पर आधारित है और यह शुक्रवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई. फिल्म का निर्देशन ओम राउत ने किया है. फिल्म में अभिनेता प्रभास ने राघव (राम), कृति सैनन ने जानकी (सीता) और सैफ अली खान ने लंकेश (रावण) की भूमिका निभाई है.

एक वीडियो में सिनेमाघर के बाहर हनुमान की वेशभूषा में एक व्यक्ति को लोगों का अभिवादन करते हुए देखा गया. फिल्म की रिलीज से पहले तिरुपति में एक कार्यक्रम में, निर्देशक राउत ने टी-सीरीज के निर्माताओं से भगवान हनुमान के सम्मान में ‘आदिपुरुष’ की हर स्क्रीनिंग में एक सीट आरक्षित करने का अनुरोध किया. ओम राउत ने कहा, ” दुनिया में हर जगह, जहां भी आदिपुरुष दिखाई जा रही है, मैं निर्माताओं और वितरकों से अनुरोध करता हूं कि एक सीट हनुमान जी के लिए रखें, वह रामायण देखने आएंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu