भवानी देवी ने रचा इतिहास, एशियाई चैंपयिनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय तलवारबाज बनीं

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 19 Jun 2023 04:05 PM
भवानी देवी ने रचा इतिहास, एशियाई चैंपयिनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय तलवारबाज बनीं
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: ओलंपियन सीए भवानी देवी ने सोमवार को चीन के वुक्सी में एशियाई तलवारबाजी चैंपियनशिप की महिला सेबर स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच प्रतियोगिता में भारत के लिए पहला पदक सुनिश्चित किया। भवानी ने क्वार्टर फाइनल में गत विश्व चैंपियन जापान की मिसाकी एमुरा को 15-10 से हराकर इतिहास रचा।

सेमीफाइनल में भवानी की भिड़ंत उज्बेकिस्तान की जेनाब डेयिबेकोवा से होगी। भवानी को राउंड आॅफ 64 में बाई मिली थी जिसके बाद अगले दौर में उन्होंने कजाखस्तान की डोस्पे करीना को हराया। भारतीय खिलाड़ी ने प्री क्वार्टर फाइनल में भी उलटफेर करते हुए तीसरी वरीय ओजाकी सेरी को 15-11 से हराया।

भारतीय तलवारबाजी संघ के महासचिव राजीव मेहता ने भवानी को उनकी एतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी है। मेहता ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह भारतीय तलवारबाजी के लिए बेहद गौरवपूर्ण दिन है। भवानी ने वह किया है जिसे इससे पहले कोई और हासिल नहीं कर पाया। वह प्रतिष्ठित एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय तलवारबाज हैं। पूरे तलवारबाजी जगत की ओर से मैं उन्हें बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वह स्वर्ण पदक लेकर लौटेंगी।’’ ओलंपिक में क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय तलवारबाज बनीं भवानी तोक्यो खेलों में राउंड आॅफ 32 से बाहर हो गईं थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav