रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी के खिलाफ नए मुकदमे की सुनवाई शुरू…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 19 Jun 2023 04:17 PM
रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी के खिलाफ नए मुकदमे की सुनवाई शुरू…
ऑडियो सुनें

मेलेखोवो: रूस की एक अदालत ने जेल में बंद विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी के खिलाफ सोमवार को एक नए मुकदमे की सुनवाई शुरू की। यह मुकदमा नवलनी के भ्रष्टाचार-विरोधी फाउंडेशन की गतिविधियों और उनके शीर्ष सहयोगियों के बयानों से संबंधित है।

मुकदमे की सुनवाई पूर्वी मॉस्को से 250 किलोमीटर दूर मेलेखोवो में कड़ी सुरक्षा वाली एक जेल में हो रही है। रूसी सरकार के कटु आलोचक नवलनी धोखाधड़ी और अदालत की अवमानना के मामले में इसी जेल में नौ वर्ष के कारावास की सजा काट रहे हैं।

नवलनी (47) ने सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करने के साथ ही सरकार विरोधी प्रदर्शनों का आयोजन किया था। जर्मनी से इलाज कराकर लौटने के बाद जनवरी 2021 में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। नवलनी को ‘‘नर्व एजेंट’’ जहर दिया गया था।

सोमवार को आईके-6 जेल में मुकदमे की सुनवाई शुरू करने वाली मॉस्को सिटी अदालत ने मीडिया को कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी। ऐसे में पत्रकारों ने दूसरे भवन से ‘‘वीडियो फीड’’ के जरिए सुनवाई देखी। नवलनी के माता-पिता को भी अदालत कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav