प्रणय और कश्यप ताइपे ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Jun 2023 08:18 PM
प्रणय और कश्यप ताइपे ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में
ऑडियो सुनें

ताइपे. भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों एचएस प्रणय और पारूपल्ली कश्यप ने बुधवार को यहां अपने अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ सीधे गेम में जीत के साथ ताइपे ओपन के पुरुष एकल प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी प्रणय को स्थानीय खिलाड़ी लिन यू सिएन को इस बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 300 टूर्नामेंट के पहले दौर में सिर्फ 26 मिनट में 21-11 21-10 से हराने के दौरान अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ी.

पिछले महीने मलेशिया मास्टर्स सुपर 300 का खिताब जीतने वाले तीसरे वरीय प्रणय अगले दौर में चेन ची टिंग और टॉमी सुगियार्तो के बीच पहले दौर के मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे. राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता कश्यप ने भी जर्मनी के सैमुअल सियाओ के खिलाफ सीधे गेम में 21-15 21-16 की आसान जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई. वह प्री क्वार्टर फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी सू ली यैंग से भिड़ेंगे.

राष्ट्रीय चैंपियन मिथुन मंजूनाथ को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद दूसरे वरीय स्थानीय खिलाड़ी चाउ टिएन चेन के खिलाफ एक घंटे और 11 मिनट चले मुकाबले में 18-21 21-14 16-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी. महिला एकल में तानिया हेमंत जीत दर्ज करने वाली एकमात्र भारतीय रही. उन्होंने हंगरी की एग्नेस कोरोसी को सीधे गेम में 21-7 21-17 से हराया.

दूसरे दौर में हालांकि 19 साल की तानिया को विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक की रजत पदक विजेता तथा शीर्ष वरीय ताइ जू यिंग से भिड़ना होगा. मिश्रित युगल में सिक्की रेड्डी और रोहन कपूर ने नवनीत बोक्का और प्रिया कोंजेंगबाम की हमवतन भारतीय जोड़ी को 21-14 21-17 से हराया.

सिक्की और रोहन प्री क्वार्टर फाइनल में च्यू सियांग चीह और लिन शियाओ मिन से भिड़ेंगे. एस शंकर मुथुस्वामी सुब्रमण्यन, किरण जॉर्ज, मेइराबा लुवांग मेसनाम, सतीश कुमार करूणाकरन, रुतविका शिवानी गड्डे और आकर्षी कश्यप को हालांकि हार का सामना करना पड़ा.

सुब्रमण्यन को छठे वरीय केंटा सुनयामा ने सीधे गेम में 21-13 21-5 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया जबकि किरण को मलेशिया के लियोंग जुन हाओ के खिलाफ कड़े मुकाबले में 20-22 21-12 9-21 से हार झेलनी पड़ी. मेइराबा को पांचवें वरीय एनजी का लोंग एंगस के खिलाफ 18-21 17-21 से हार का सामना करना पड़ा जबकि सतीश को स्थानीय दावेदार ची यू जेन के खिलाफ सीधे सेट में 10-21 10-21 से शिकस्त मिली. रुतविका को स्थानीय खिलाड़ी च्यू पिन चियान ने सीधे गेम में 12-21 5-21 से हराया जबकि आकर्षी को पहला गेम जीतने के बावजूद हुआंग यू सुन के खिलाफ 21-10 16-21 11-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu