छत्तीसगढ़ के राजभवन में नहीं होगा ‘एकल उपयोग प्लास्टिक’ का इस्तेमाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 03 Jul 2023 09:59 PM
छत्तीसगढ़ के राजभवन में नहीं होगा ‘एकल उपयोग प्लास्टिक’ का इस्तेमाल

ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन ने राजभवन में ‘एकल उपयोग प्लास्टिक’ पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है. राजभवन के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि आज अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर राज्यपाल हरिचंदन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजभवन में ‘एकल उपयोग प्लास्टिक’ पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जाए.

राज्यपाल ने कहा कि आज विश्व के सामने प्लास्टिक से हो रहा प्रदूषण सबसे बड़ी चुनौती है. हम सबको सक्रिय रूप से इसका उपयोग कम कर प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए आगे आना चाहिए. अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने राज्य की जनता से कहा है कि जब भी वह बाजार जाएं तब अपने साथ कपड़े या जूट का थैला अवश्य ले जाएं.

उन्होंने कहा कि प्रकृति सबका संरक्षण करती है इसलिए प्रकृति को बचाए रखने के लिए छोटे-छोटे कदम आवश्यक हैं. राज्यपाल ने राज्य की जनता और देशवासियों से अनुरोध किया कि आज से ‘एकल उपयोग प्लास्टिक’ का उपयोग नहीं करने का प्रण लें तथा इस धरती को बेहतर बनाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करें.

By Yogesh Kumar Sahu