सिंधू बीएसी के सेमीफाइनल में, पदक किया पक्का

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Apr 2022 06:17 PM
सिंधू बीएसी के सेमीफाइनल में, पदक किया पक्का
ऑडियो सुनें

मनीला. ओलंपिक में दो बार की पदक विजेता पीवी सिंधू ने शुक्रवार को यहां चीन की हि बिंग जियाओ पर रोमांचक जीत दर्ज कर बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप (बीएसी) के महिला एकल सेमीफाइनल में प्रवेश किया. इस जीत से सिंधू ने इस महाद्वीपीय चैम्पियनशिप में खुद के लिये एक पदक पक्का कर दिया है. यह टूर्नामेंट कोविड-19 महामारी के कारण दो साल के अंतराल बाद खेला जा रहा है.

चौथी वरीय सिंधू ने 2014 गिमचियोन चरण में कांस्य पदक जीता था, उन्होंने एक घंटे 16 मिनट तक चले क्वार्टरफाइनल में पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन की खिलाड़ी को 21-9 13-21 21-19 से पराजित किया. सैयद मोदी इंटरनेशनल और स्विस ओपन में दो सुपर 300 खिताब जीतने वाली हैदराबाद की 26 साल की खिलाड़ी का सामना अब सेमीफाइनल में जापान की शीर्ष वरीय अकाने यामागुची से होगा.

दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी सिंधू का मैच पहले बिंग जियाओ के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 7-9 था, जिसे वह पहले पिछली दो भिड़ंत में हरा चुकी है. तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के दौरान सिंधू ने बिंग जियाओ को हराया था और इस शीर्ष भारतीय खिलाड़ी ने फिर अंतिम चरण में दबाव से निपटते हुए रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की. पूर्व विश्व चैम्पियन सिंधू ने शुरू से ही अपने इरादे जाहिर कर दिये थे, उन्होंने पहले गेम में बिना समय गंवाये 11-2 की बढ़त बना ली और फिर दबदबा कायम रखते हुए मैच में 1-0 से आगे हो गयीं.

बिंग जियाओ ने हालांकि दूसरे गेम में शानदार वापसी की और 6-4 की बढ़त को 11-10 तक पहुंचाने में सफल रहीं. ब्रेक के बाद चीन की खिलाड़ी ने लगातार पांच अंक बनाकर 19-12 की बढ़त बनाकर मैच में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली. निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ी 2-2 से बराबर थीं लेकिन सिंधू ने अपने क्रास-कोर्ट स्मैश से अंक जुटाये और ब्रेक तक 11-5 से आगे हो गयीं.

बिंग जियाओ ने हालांकि ब्रेक के बाद वापसी की और सिंधू की बढ़त को कम कर दिया. सिंधू एक समय 15-9 से आगे थीं लेकिन लय गंवाने के कारण 16-15 पर पहुंच गयीं. इसके बाद सिंधू 18-16 से आगे थीं और उन्होंने चार मैच प्वाइंट हासिल कर मैच जीत लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu