ईरान ने मशहूर रैपर को छह साल से अधिक की जेल की सजा सुनायी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Jul 2023 08:23 PM
ईरान ने मशहूर रैपर को छह साल से अधिक की जेल की सजा सुनायी
ऑडियो सुनें

दुबई. ईरान ने पिछले साल देश में हुए प्रदर्शन में भाग लेने को लेकर मशहूर रैपर तूमाज सालेही को सवा छह साल की जेल की सजा सुनायी है. सालेही के समर्थकों द्वारा संचालित सोशल मीडिया खाते से सोमवार को सजा की जानकारी दी गयी. अभी ईरानी प्राधिकारियों ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

सालेही उन हजारों युवा ईरानियों में शामिल थे, जिन्होंने ईरान की लोकाचार पुलिस द्वारा देश के सख्त इस्लामिक ड्रेस कोड का कथित तौर पर उल्लंघन करने के लिए गिरफ्तार की गयी 22 वर्षीय महिला महसा अमीनी की मौत के बाद सड़कों पर प्रदर्शन किया था. यह प्रदर्शन देशभर में फैल गया था.

सालेही (33) ने अपने गीतों तथा वीडियो में प्रदर्शनों का समर्थन किया गया था, जो व्यापक रूप से ऑनलाइन प्रसारित हुए थे. उन्हें पिछले साल अक्टूबर में गिरफ्तार किया गया था. उन्होंने अमीनी के संदर्भ में एक वीडियो में रैप करते हुए कहा था, ”किसी का गुनाह बस हवा में अपने बालों को लहराते हुए नाचना था.” इस वीडियो को 4,50,000 से अधिक बार देखा गया. एक अन्य वीडियो में उन्होंने ईरान के धर्म तंत्र के पतन की भविष्यवाणी की थी.

उनकी गिरफ्तारी के बाद सरकारी मीडिया ने एक वीडियो जारी की थी, जिसमें उनकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी और वह अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांग रहे थे. ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने दबाव में वह बयान दिया था. मानवाधिकार समूहों का कहना है कि ईरान झूठे कबूलनामे करने के लिए अक्सर कैदियों को यातना देता है.

ईरान में मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के अनुसार, प्राधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों पर कड़ी कार्रवाई शुरू की थी, जिसमें 500 से अधिक लोगों की मौत हो गयी थी और करीब 20,000 लोगों को गिरफ्तार किया गया था. इस साल की शुरुआत में व्यापक स्तर पर प्रदर्शन थम गया, लेकिन अब भी लोगों में असंतोष है. ईरान ने विरोध प्रदर्शन के संबंध में कुल सात लोगों को मौत की सजा दी है. उन पर सुरक्षाबलों पर हमला करने का आरोप था. सालेही के समर्थकों ने आशंका जतायी थी कि उन्हें मौत की सजा सुनायी जा सकती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu