शीला का आवास हो सकता है राहुल का नया आशियाना

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली के निजामुद्दीन पूर्व स्थित उस आवास को अपना नया आशियाना बना सकते हैं जहां पहले पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित रहा करती थीं. सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी जल्द ही निजामुद्दीन पूर्व के मकान संख्या बी-2 में रहने आ सकते हैं. दिवंगत शीला दीक्षित के इस निजी आवास में अब तक उनके पुत्र एवं पूर्व सांसद संदीप दीक्षित रह रहे थे.

सूत्रों का कहना है कि संदीप दीक्षित इस मकान से कुछ दूरी पर ही स्थित एक अन्य मकान में रहेंगे. लोकसभा की सदस्यता जाने से पहले राहुल गांधी 12 तुगलक लेन स्थित सरकारी आवास में रहते थे. संसद की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद उन्होंने यह बंगला खाली कर दिया था और इसके बाद से अपनी मां सोनिया गांधी के सरकारी आवास 10 जनपथ में रह रहे हैं.

गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक पूर्णेश मोदी द्वारा दायर 2019 के मामले में सूरत की मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने 23 मार्च को राहुल गांधी को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 499 और 500 (आपराधिक मानहानि) के तहत दोषी ठहराते हुए दो साल जेल की सजा सुनाई थी. फैसले के बाद गांधी को जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत संसद की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया था. राहुल गांधी 2019 में केरल के वायनाड से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button