‘टीम इंडिया’ एकजुट, दरार डालने का भाजपा का प्रयास सफल नहीं होगा: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Jul 2023 08:14 PM
‘टीम इंडिया’ एकजुट, दरार डालने का भाजपा का प्रयास सफल नहीं होगा: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी की खबरों को खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस’ (इंडिया) में दरार डालने की भारतीय जनता पार्टी कितना भी कोशिश कर ले, वह सफल नहीं होगी. पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि ‘टीम इंडिया’ एकजुट है.

नीतीश कुमार के नाराज होने संबंधी खबर के बारे में पूछे जाने पर सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, ”भाजपा नीतीश बाबू के बारे में कैसी गंदी भाषा का इस्तेमाल करती है वो मैं बोलना भी नहीं चाहूंगा. अब वही ऐसी अनर्गल बातें कर रहे हैं. हम सब एकजुट हैं. भाजपा और मोदी जी टीम इंडिया में दरार डालने की कितनी भी कोशिश कर लें, वो नहीं पड़ रही है.” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ”भाजपा की छटपटाहट समझ आती है. उन्हें षड़यंत्रकारी एजेंडा जारी रखने के लिए शुभकमानाएं.”

सुरजेवाला ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक को लेकर सवाल किया कि ‘एनडीए नौ साल कहां गुम था? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसद में की गयी एक टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा, ”पहले तो ‘एक अकेला सब पर भारी’ की बात करते थे फिर हड़बड़ाहट में राजग की बैठक में क्यों बुलाई गई? 38 दलों में सिर्फ 12 दलों के सांसद हैं.” असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा ‘इंडिया’ नाम पर सवाल खड़े किए जाने को लेकर सुरजेवाला ने कहा, ”टीम इंडिया का स्लोगन क्या है, जीतेगा भारत. जो लोग भारत को टुकड़ों में बांटना चाहते हैं उनके मन की दुर्भावना की बदबू उनके शब्दों से आती है.”

उधर, जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बुधवार को उन खबरों का खंडन किया जिनमें कहा गया है कि विपक्षी दलों की बैठक के दौरान जिस तरह से चीजें घटित हुईं उसे लेकर नीतीश कुमार नाखुश थे. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि नीतीश कुमार कतई नाराज नहीं हैं. पटना में संवाददाताओं से बातचीत में ललन सिंह ने भाजपा नीत राजग की उन खबरों को ‘दुष्प्रचार”बताया जिनमें कहा गया है कि नीतीश कुमार ‘इंडिया’ नाम से नाखुश हैं और नये गठबंधन का संयोजक नहीं बनाए जाने से नाराज हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu