UPSC 2022 के टॉपर्स ने की टॉपर्स टॉक : बड़ी संख्या में छतीसगढ़ के प्रतियोगी रहे मौजूद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 21 Jul 2023 09:38 PM
UPSC 2022 के टॉपर्स ने की टॉपर्स टॉक : बड़ी संख्या में छतीसगढ़ के प्रतियोगी रहे मौजूद
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए आज का दिन विशेष रहा. आज स्थानीय प्रतिभागियों को देश की सबसे बड़ी परीक्षा यूपीएससी के वर्ष 2022 के टॉपर्स से मिलने और उनसे परीक्षा के बारे में जानने का अवसर मिला. जिला प्रशासन द्वारा आज राजधानी रायपुर के दीनदयाल ऑडिटोरियम में टॉपर्स टॉक का आयोजन किया गया. इस टॉक में सिविल सेवा परीक्षा की टॉपर इशिता किशोर के साथ सेकेण्ड टॉपर गरिमा लोहिया और नौवाँ स्थान प्राप्त करने वाली कनिका गोयल 17वीं रैंक पाने वाले अविनाश कुमार, छत्तीसगढ से सर्वाेच्च रैंक पाने वाले अभिषेक चतुर्वेदी और 2021 की परीक्षा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित प्रखर चंद्राकर ने प्रतिभागियों को परीक्षा के बारे में अपने अनुभव बताये. टॉपर्स ने यूपीएससी परीक्षा के बारे में परीक्षार्थियों को पूरी जानकारी देने के साथ उनके सवालों का समाधान भी किया.

बड़ी संख्या में छतीसगढ़ के प्रतियोगी रहे मौजूद

टॉपर्स टॉक के लिए सुबह से ही दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों की भीड़ जुटने लगी थी. रायपुर ही नहीं आसपास के दूसरे जिलों से भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा टॉपर्स को सुनने और उनके टिप्स लेने बड़ी संख्या में मौजूद रहे. इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक के लाइव लिंक के जरिये भी करीब 8 हजार प्रतिभागियों ने ऑनलाईन इस टॉपर्स टॉक का सीधा प्रसारण देखा और टॉपर्स के अनुभवों से रूबरू हुए.

छतीसगढ़ के राजगीत के साथ शुरू हुई टापर्स टॉक- छत्तीसगढ़ के राजगीत अरपा पैरी की धार से टॉपर्स टॉक की शुरूआत हुई. कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे ने इस अवसर पर कहा की इस टॉक का उद्देश्य छतीसगढ़ से अधिक से अधिक प्रतिभागियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करना और सफलता में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में माहौल बनता है और वे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गंभीर होकर तैयारी करते है. कलेक्टर डॉ. भुरे ने सभी टॉपर्स का छतीसगढ़ शासन की ओर से स्वागत किया.

एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि इन टॉपर्स से छत्तीसगढ़ के युवाओं को अच्छी जानकारी मिलेगी. उन्होंने इस परीक्षा के लिए लगन और समर्पण को जरूरी बताया. एसएसपी ने कहा कि यूपीएससी की परीक्षा के लिए विस्तृत सिलेबस को जानना और दृढ़ निश्चय बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है . एसएसपी ने नकारात्मक बातों और लोगो से बचने और अनुशासन के साथ पढ़ाई कर तैयारी करने की सलाह प्रतिभागियों को दी.

यूपीएससी टॉपर्स को राजकीय गमछा तथा प्रतीक चिन्ह से किया गया सम्मानित

टॉपर्स टॉक समारोह में छत्तीसगढ़ की सभ्यता एवं संस्कृति से रूबरू कराते हुए रायपुर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे, एसएसपी प्रशांत अग्रवाल नगर निगम आयुक्त मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अबिनाश मिश्रा तथा सहायक कलेक्टर जयंत नहाटा ने यूपीएससी टॉपर्स को राजकीय गमछा तथा वनभैंसा का प्रतीक चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu