छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेता डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन की खबर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने शोक संदेश जारी करते हुए कोर्सेवाड़ा के राजनीतिक जीवन, जनसेवा के प्रति समर्पण और संगठन के लिए किए गए योगदान को याद किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उनका निधन भाजपा संगठन और छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनता की सेवा, संगठन की मजबूती और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोर्सेवाड़ा का सरल व्यक्तित्व, पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और जनकल्याण के लिए किए गए कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोर्सेवाड़ा ने सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण को प्राथमिकता दी। क्षेत्र की जनता के साथ उनका जुड़ाव उनकी राजनीतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
श्री कोर्सेवाड़ा 2008 में पहली बार अहिवारा विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 मतों से पराजित किया था। विजय शर्मा ने कहा कि कोर्सेवाड़ा का संगठन के प्रति समर्पण और जनहित से जुड़े विषयों पर उनकी सक्रियता कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक अनुभवी नेता और छत्तीसगढ़ ने जनसेवा के लिए समर्पित जनप्रतिनिधि को खो दिया है।