छेत्री, झिंगन, गुरप्रीत एशियाई खेलों के लिए भारतीय फुटबॉल टीम में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Aug 2023 08:39 PM
छेत्री, झिंगन, गुरप्रीत एशियाई खेलों के लिए भारतीय फुटबॉल टीम में
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. करिश्माई खिलाड़ी सुनील छेत्री, सीनियर डिफेंडर संदेश झिंगन और सीनियर गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू को मंगलवार को एशियाई खेलों के लिए भारत की 22 सदस्यीय फुटबॉल टीम में शामिल किया गया. चीन के हांगझोउ में होने वाले एशियाई खेलों में टीम राष्ट्रीय टीम के मुख्य केच इगोर स्टिमक के मार्गदर्शन में खेलेगी.

पीटीआई ने पहले खबर दी थी कि अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) छेत्री के नेतृत्व में और 1998 में विश्व कप सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली क्रोएशियाई टीम के सदस्य स्टिमक के मार्गदर्शन में एशियाई खेलों में अपनी शीर्ष टीम भेजने को लेकर उत्साहित था.

पता चला है कि भारतीय को एशियाई खेलों के आयोजकों और एशियाई ओलंपिक परिषद से मंजूरी मिल गई है. हांगझोउ खेलों में भारतीय पुरुष और महिला फुटबॉल टीम की भागीदारी पहले संदेह में थी क्योंकि खेल मंत्रालय ने पात्रता तय की थी कि महाद्वीप में शीर्ष आठ में शामिल टीम को ही खेलों के लिए भेजा जाएगा. एआईएफएफ की अपील के बाद हालांकि मंत्रालय ने बाद में पात्रता नियमों में ढील देखकर दोनों टीम को स्वीकृति दे दी. मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने भी इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की थी.

भारतीय पुरुष टीम को ग्रुप ए में मेजबान चीन, बांग्लादेश और म्यांमार के साथ रखा गया है. टूर्नामेंट में 23 टीम हिस्सा ले रही हैं जिन्हें छह ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए, बी, सी, ई और एफ में चार-चार टीम को जगह मिली है जबकि ग्रुप डी में तीन टीम हैं. एशियाई खेलों में फुटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-23 खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं लेकिन खेलों के आयोजन में एक साल के विलंब के कारण आयोजन ने 24 साल के खिलाड़ियों को भी खेलने की स्वीकृति दी है. इसमें हिस्सा लेने के लिए कट ऑफ जन्म तिथि एक जनवरी 1999 तय की गई है. राष्ट्रीय फुटबॉल टीम 2018 में जकार्ता खेलों से बाहर रहने के बाद एशियाई खेलों में वापसी कर रही है.

टीम इस प्रकार है:
गोलकीपर: गुरप्रीत सिंह संधू, गुरमीत सिंह, धीरज सिंह मोइरंगथेम.
डिफेंडर: संदेश झिंगन, अनवर अली, नरेंद्र गहलोत, लालचुंगनुंगा, आकाश मिश्रा, रोशन सिंह, आशीष राय.
मिडफील्डर: जैकसन सिंह थौनाओजम, सुरेश सिंह वांगजैम, अपुइया राल्टे, अमरजीत सिंह कियाम, राहुल केपी, नाओरेम महेश सिंह.
फारवर्ड: शिव शक्ति नारायणन, रहीम अली, सुनील छेत्री, अनिकेत जाधव, विक्रम प्रताप सिंह, रोहित दानू.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu