पाकिस्तान टीम को भारत में विश्व कप खेलने के लिये मंजूरी मिली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Aug 2023 10:26 PM
पाकिस्तान टीम को भारत में विश्व कप खेलने के लिये मंजूरी मिली
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान सरकार ने देश की सीनियर पुरूष टीम को 2023 वनडे विश्व कप खेलने के लिये भारत यात्रा की मंजूरी दे दी लेकिन कहा कि उसे टीम की सुरक्षा की चिंता है और वह आईसीसी तथा बीसीसीआई को इससे अवगत करायेंगे . भारत में 50 ओवरों का विश्व कप पांच अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच खेला जाना है . भारत और पाकिस्तान के बीच बहुर्चिचत मुकाबला 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में खेला जायेगा हालांकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है .

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि पाकिस्तान का हमेशा से मानना रहा है कि खेलों को सियासत से अलग रखना चाहिये . इसलिये विश्व कप में भाग लेने के लिये टीम भारत भेजने का फैसला किया गया है . विज्ञप्ति में कहा गया ,” पाकिस्तान का मानना है कि भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति अंतरराष्ट्रीय खेलों से जुड़े पाकिस्तान के दायित्व पूरे करने के आड़े नहीं आनी चाहिये .” मंत्रालय ने हालांकि कहा कि टीम की सुरक्षा को लेकर उसे गहरी चिंता है और वह इससे आईसीसी और भारतीय बोर्ड को अवगत करायेगा .

इसने कहा ,”हम उम्मीद करते हैं कि पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को भारत में पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जायेगी .” इस मंजूरी से वनडे विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता भी खत्म हो गई. इसकी शुरूआत तब हुई थी जब पूर्व क्रिकेटर और पीसीबी प्रमुख रमीज राजा ने कहा था कि भारतीय टीम एशिया कप खेलने पाकिस्तान नहीं आ रही है तो वे भी अपनी टीम विश्व कप के लिये नहीं भेजेंगे .

भारत ने अक्टूबर 2022 में ही एशिया कप के लिये पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था . एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष और बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा था कि टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल पर खेला जायेगा जिसे बाद में मंजूरी दी गई . एशिया कप 30 अगस्त से पाकिस्तान में शुरू होगा लेकिन यहां चार ही मैच होंगे और फाइनल समेत नौ मैच श्रीलंका में खेले जायेंगे .

कुछ रोज पहले पीसीबी ने प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को वनडे विश्व कप के लिये भारत टीम भेजने को मंजूरी देने के लिये लिखा था . शरीफ ने विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो की अध्यक्षता में इस पर फैसला लेने के लिये उच्च स्तरीय समिति बनाई थी . आखिरी बार पाकिस्तानी टीम 2016 में आईसीसी वनडे विश्व कप के लिये भारत आई थी .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu