शीर्ष चार अर्थव्यवस्थाओं से अधिक तेज रहेगी भारत की वृद्धि की रफ्तार: वित्त सचिव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Aug 2023 09:06 PM
शीर्ष चार अर्थव्यवस्थाओं से अधिक तेज रहेगी भारत की वृद्धि की रफ्तार: वित्त सचिव
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. वित्त सचिव टी वी सोमनाथन ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत निकट भविष्य में दुनिया की पांच बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक तेजी से वृद्धि करना जारी रखेगा. उन्होंने विदेशों में रहने वाले भारतीय प्रवासियों से इस सफर में उत्प्रेरक की भूमिका निभाने का आह्वान भी किया. भारत इस समय दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है. उसके आगे सिर्फ अमेरिका, चीन, जापान एवं जर्मनी ही हैं.

सोमनाथन ने प्रवासी भारतीयों के जी20 मंच को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की वृद्धि दर किसी भी पैमाने से शीर्ष चार देशों से कहीं अधिक तेज है. उन्होंने कहा, ”आज हम बिना किसी संकोच के यह कह सकते हैं कि इन सभी देशों की वृद्धि दर निकट भविष्य में भारत से कम ही रहने वाली है.”

वित्त सचिव ने भारतीय समुदाय के लोगों का आह्वान करते हुए कहा, ”भविष्य के लिए भारत निश्चित रूप से सबसे बड़ा विकास अवसर है. इसकी वजह यह है कि हमारा विशाल आकार है और अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में हम कहीं तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.” पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रही थी और चालू वित्त वर्ष में भी इसके छह से लेकर 6.5 प्रतिशत रहने की संभावना जताई जा रही है.

उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय इस बड़े अवसर का लाभ उठाने मददगार हो सकता है. उन्होंने कहा, ”अगर हम सही काम करते हैं और हम अभी ऐसा ही कर रहे हैं, तो आप एक उत्प्रेरक और रफ्तार बढ़ाने वाला बन सकते हैं.” सोमनाथन ने विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय से भारत की वृद्धि यात्रा को लेकर धैर्य रखने का अनुरोध करते हुए कहा, ”हमारी राह टेढ़ी-मेढ़ी हो सकती है लेकिन हम आगे बढ़ना जारी रखेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu