राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Aug 2023 09:21 PM
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर

ऑडियो सुनें

रायपुर. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर बृहस्पतिवार को रायपुर पहुंचेंगी. वह इस दौरान रायपुर और बिलासपुर शहरों में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू छत्तीसगढ़ के अपने पहले प्रवास पर दो दिन के लिए 31 अगस्त को रायपुर आ रही हैं.

उन्होंने बताया, ”राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 11.05 बजे विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुचेंगी. वह सुबह 11.35 बजे शहर के जगन्नाथ मंदिर में दर्शन और आरती कार्यक्रम में शामिल होंगी तथा बाद में वह 12.10 बजे विधानसभा मार्ग में स्थित ब्रम्हकुमारी संस्थान के शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में ‘सकारात्मक परिवर्तन का वर्ष’ कार्यक्रम की शुरुआत करेंगी.”

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति दोपहर बाद शहर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय का भ्रमण करेंगी. उनका रात्रि विश्राम राजभवन में होगा. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू दूसरे दिन एक सितंबर को सुबह 9.15 बजे बिलासपुर रवाना होंगी और बिलासपुर के गुरू घासीदास विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी.

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर बाद बिलासपुर से लौटकर राष्ट्रपति रायपुर स्थित राजभवन में जनजातीय समूहों के साथ चर्चा करेंगी. अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति के रायपुर और बिलासपुर प्रवास को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

By Yogesh Kumar Sahu