एसएस राजामौली ने ‘आरआरआर’ की तारीफ के लिए ब्राजील के राष्ट्रपति का जताया आभार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Sep 2023 08:50 PM
एसएस राजामौली ने ‘आरआरआर’ की तारीफ के लिए ब्राजील के राष्ट्रपति का जताया आभार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. फिल्मकार एसएस राजामौली ने रविवार को कहा कि ‘आरआरआर’ की टीम ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा द्वारा फिल्म की तारीफ किए जाने से काफी खुश है. साल 2022 में आई इस फिल्म का निर्देशन राजामौली ने किया था. इसमें रामचरण और जूनियर एनटीआर ने मुख्य किरदार निभाया है.

राजामौली ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “लूला डी सिल्वा आपकी तारीफ के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. यह जानकर खुशी हुई कि आपने भारतीय सिनेमा का उल्लेख किया और ‘आरआरआर’ का आनंद लिया. हमारी टीम बहुत खुश है. आशा है कि आप हमारे देश में बहुत अच्छा समय बिता रहे होंगे.” ब्राजील के राष्ट्रपति जी20 शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के लिए दिल्ली में हैं. एक प्रमुख ऑनलाइन पोर्टल ने राष्ट्रपति से एक भारतीय फिल्म का नाम पूछा जिसे देखना उन्हें अच्छा लगा.

इसके जवाब में डी सिल्वा ने कहा, “‘आरआरआर’. यह तीन घंटे की फीचर फिल्म है और इसमें मजेदार दृश्य और बहुत अच्छा नृत्य है. भारत पर ब्रिटिश नियंत्रण की गहरी आलोचना है.” उन्होंने कहा, ” मेरा मानना है कि इसे सफल होना चाहिए क्योंकि मैं जिस किसी से भी मिलता हूं, मैं उनसे पूछता हूं ‘क्या आपने थ्री ‘आर’ फिल्म देखी है? मैंने फिल्म में दिखाए गए राजनीतिक पक्ष और नृत्य का आनंद लिया.” राष्ट्रपति ने कहा कि फिल्म में हास्य का इस्तेमाल कर बेहतरीन तरीके से आलोचना की गई है और ‘मैं निर्देशक और कलाकारों को बधाई देता हूं क्योंकि इसने मुझे मंत्रमुग्ध कर दिया है.”

‘आरआरआर’ स्वतंत्रता से पहले की कल्पित कथा है. इसकी कहानी 1920 के दशक के दो असल जिंदगी के भारतीय क्रांतिकारियों अल्लूर सीताराम राजू (राम चरण) और कोमराम भीम (जूनियर एनटीआर) के ईद-गिर्द घूमती है. फिल्म ने दुनियाभर में 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है. यह भारत में बनी पहली फिल्म है जिसके तेलुगु गाने ‘नाटू नाटू’ को ‘बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग’ श्रेणी में ऑस्कर पुरस्कार मिला है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu