महिला पत्रकार से बदसलूकी मामले में केरल महिला आयोग ने अभिनेता एलेंसियर के खिलाफ कार्रवाई शुरू की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 19 Sep 2023 08:34 PM
महिला पत्रकार से बदसलूकी मामले में केरल महिला आयोग ने अभिनेता एलेंसियर के खिलाफ कार्रवाई शुरू की
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम. केरल महिला आयोग ने मंगलवार को अभिनेता एलेंसियर ले लोपेज के खिलाफ उस महिला पत्रकार के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने को लेकर कार्रवाई शुरू की, जो हाल में राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान अभिनेता की विवादास्पद टिप्पणियों पर साक्षात्कार लेने पहुंची थी. आयोग की अध्यक्ष पी. सतीदेवी ने कहा कि ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डी. शिल्पा को विवादास्पद घटना पर एक रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है.

मलयालम फिल्म ‘अप्पन’ में अपने अभिनय के लिए केरल सरकार का विशेष जूरी पुरस्कार प्राप्त करते हुए, एलेंसियर ने बृहस्पतिवार को कहा था कि उन्हें एक महिला की प्रतिमा देकर ‘प्रलोभन नहीं देना’ चाहिए. अभिनेता ने विवादास्पद टिप्पणी करते हुए कहा था कि उस स्थान पर एक महिला की प्रतिमा देकर उनका अपमान नहीं किया जाना चाहिए, जहां एक शक्तिशाली पुरुष मुख्यमंत्री बैठे हैं.

सतीदेवी ने एक बयान में कहा कि समारोह में पुरस्कार स्वीकार करने के बाद एलेंसियर ने महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की. सतीदेवी ने अभिनेता की टिप्पणियों को ”अत्यधिक निंदनीय” भी करार दिया. आयोग की अध्यक्ष ने कहा, ”अगर वह असहमत थे, तो उन्हें पुरस्कार स्वीकार नहीं करना चाहिए था. सम्मान प्राप्त करने के बाद इस तरह की टिप्पणी करना अनुचित था.” उन्होंने कहा, हालांकि राज्य के सभी लोगों को उम्मीद थी कि घटना के बाद वह गलती सुधारेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

आयोग की प्रमुख ने कहा कि गलती को सुधारने के बजाय, एलेंसियर ने बाद में उस महिला पत्रकार से ”बहुत अभद्र भाषा” में बात की, जो उनका साक्षात्कार लेने पहुंची थी. सतीदेवी ने कहा कि पुलिस ने पहले ही इस मामले में एक शिकायत पर अभिनेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और महिला आयोग ने इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu