शाहरुख और मेरे बीच आपसी विश्वास के परिणामस्वरूप ‘जवान’ को मिली कामयाबी : एटली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 19 Sep 2023 08:28 PM
शाहरुख और मेरे बीच आपसी विश्वास के परिणामस्वरूप ‘जवान’ को मिली कामयाबी : एटली
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. फिल्मकार एटली का मानना है कि यदि आप किसी कलाकार से बेहतरीन अभिनय करवाना चाहते हैं, तो सबसे पहले आपको उस कलाकार का प्रशंसक होना पड़ेगा. एटली ने ‘जवान’ को लेकर उनके दृष्टिकोण पर भरोसा करने के लिए अभिनेता शाहरुख खान की प्रशंसा करते हुए कहा कि फिल्म को सफलता इसलिए मिल सकी क्योंकि काम के दौरान दोनों के बीच आपसी विश्वास की भावना काफी मजबूत थी.

‘जवान’ को दर्शकों का काफी प्रेम मिल रहा है और यह बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है. फिल्म हिंदी सिनेमा के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में शामिल होने की कतार में है. सात सितंबर को रिलीज हुई ‘जवान’ बॉक्स ऑफिस पर अब तक 800 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है. एटली को दक्षिण भारत में अभिनेता विजय के साथ एक के बाद एक हिट फिल्म बनाने के लिए जाना जाता है.

यह पूछे जाने पर कि वह शाहरुख के व्यक्तित्व से अभिभूत और प्रभावित हुए बिना उन्हें निर्देशित करने में कैसे कामयाब रहे, एटली ने कहा कि वह अपने रचनात्मक दृष्टिकोण को लेकर सच्चे बने रहे और फिल्म बनाने में उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई. एटली (36) ने पीटीआई-भाषा को दिए विशेष साक्षात्कार में कहा, ”मैं सिनेमा का प्रशंसक हूं और मैं शाहरुख सर, विजय सर का प्रशंसक हूं. मैंने जिनके साथ भी काम किया है, मैं सबसे पहले उनका प्रशंसक बन जाता हूं क्योंकि अगर आप उनसे बेहतरीन अभिनय करवाना चाहते हैं, तो आपको पहले उनका प्रशंसक बनना होगा. यहां तक कि अपने प्रिय अभिनेताओं के साथ भी, एक प्रशंसक हमेशा किसी फिल्म के बारे में बेबाकी से कह सकता है कि-नहीं, यह सही नहीं है.”

निर्देशक एटली ने कहा, ”एक प्रशंसक के रूप में, आपको पता चल जाएगा कि कौन सी फिल्म कामयाबी हासिल कर रही है और कौन सी नहीं कर रही है… साथ ही, यदि अभिनेता किसी निर्देशक के काम या किसी कैमरामैन के काम और किसी संपादक के काम का प्रशंसक है, तो वह भी सामने आते हैं और कहते हैं कि बॉस, मुझे लगता है कि आप सही रास्ते पर नहीं हैं.” फिल्मकार ने कहा कि शाहरुख के साथ उनका रिश्ता आपसी विश्वास की भावना पर आधारित है और ‘जवान’ की शूटिंग के दौरान उन्हें दिग्गज अभिनेता ने सलाह के साथ-साथ पूरा संरक्षण और समर्थन भी दिया.

एटली ने कहा, ”फिल्म की शूटिंग के दौरान मैंने शाहरुख को निर्देशित नहीं किया. सिनेमा को लेकर उनकी समझ बहुत ही शानदार है और वह बहुत कुछ जानते हैं. मैंने उन्हें केवल यह बताया कि मेरे दृष्टिकोण के मुताबिक क्या सही है और क्या सही नहीं है. और उन्होंने मुझ पर भरोसा किया.”

उन्होंने कहा, ”शूटिंग के दौरान वह कहते थे, हाँ, सर. यह आपके हिसाब से ठीक नहीं है. चलिए एक और बार प्रयास करते हैं. शाहरुख पूछते थे, क्या मुझे इसे इस तरह करना चाहिए? क्या मुझे ऐसा ही करना चाहिए? यह आपसी विश्वास की भावना का ही परिणाम था कि ‘जवान’ के निर्माण में हर किसी ने अपना 100 प्रतिशत दिया और हम यह फिल्म बना सके.” ‘जवान’ में शाहरुख खान के अलावा नयनतारा और विजय सेतुपति अहम भूमिका में हैं जबकि दीपिका पादुकोण और संजय दत्त भी विशेष भूमिकाओं में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu