नयी दिल्ली. बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सदस्य रमेश बिधूड़ी द्वारा उनके खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने के मामले में सत्तारूढ़ पार्टी उनके खिलाफ झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश कर रही है.
उन्होंने ‘एक्स’ पर घटना वाले दिन की लोकसभा की कार्यवाही का एक संक्षिप्त वीडियो साझा किया और कहा कि उनकी ओर से संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली कोई बात नहीं की गई थी. अली ने कहा, ”गालियों और अत्यधिक उकसावे के बावजूद मैंने एक भी ऐसा शब्द नहीं कहा जो लोकतंत्र के मंदिर की पवित्रता को नुकसान पहुंचाता हो. यहां तक ??कि रमेश बिधूड़ी ने मेरे और मेरे समुदाय के बारे में जो कहा, उसे भी मैंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. इसके बावजूद भाजपा झूठी कहानी गढ़ने की पूरी कोशिश कर रही है.”
‘चंद्रयान-3 की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों’ पर लोकसभा में चर्चा के दौरान बीते बृहस्पतिवार को बिधूड़ी ने अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था. भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और रवि किशन ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर दावा किया है कि पहले अली ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था.