रायगढ़: मृत जंगली हाथी मिला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Oct 2023 06:34 PM
रायगढ़: मृत जंगली हाथी मिला

ऑडियो सुनें

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन विभाग को एक मृत जंगली हाथी मिला है. वन विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. धरमजयगढ़ क्षेत्र के वन मंडलाधिकारी अभिषेक जोगावत ने बुधवार को बताया कि बायसी गांव में वन विभाग ने मंगलवार रात एक मृत नर हाथी (45) बरामद किया . वह किसान लक्ष्मी प्रसाद राठिया के धान के खेत से मृत पड़ा था.

जोगावत ने बताया कि वन विभाग को खेत में हाथी के मरे होने की जानकारी मिली थी जिसके बाद विभाग के दल को घटनास्थल के लिए भेजा गया और मृत हाथी को बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि वन विभाग को आशंका है कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई क्योंकि मौके पर 11 किलो वोल्ट का तार 14 फुट की सामान्य ऊंचाई से भी नीचे था. हाथी के दोनों दांत सुरक्षित थे.

अधिकारी ने बताया कि हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा उसकी रिपोर्ट मिलने के बाद उसकी मौत के कारणों के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी. जोगावत ने बताया कि जानकारी मिली है कि मृत नर हाथी सात हाथियों के समूह में था और यह दल मंगलवार को कोईलार गांव के करीब विचरण कर रहा था. उनके मुताबिक धरमजयगढ़ वन मंडल ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस वर्ष धरमजयगढ़ वन मंडल में अभी तक छह जंगली हाथियों की मौत हुई है. इनमें से चार की करंट लगने से तथा दो की सामान्य मौत हुई है.

By Yogesh Kumar Sahu