मुकेश अंबानी फिर बने सबसे अमीर भारतीय, अडाणी दूसरे स्थान पर खिसके: फोर्ब्स

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Oct 2023 09:26 PM
मुकेश अंबानी फिर बने सबसे अमीर भारतीय, अडाणी दूसरे स्थान पर खिसके: फोर्ब्स
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 92 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ एक बार फिर फोर्ब्स की सूची में सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं. वहीं, ढांचागत क्षेत्र में कार्यरत अडाणी समूह के गौतम अडाणी फोर्ब्स की नई सूची में दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. वह पिछले साल अंबानी को पछाड़कर पहली बार भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बने थे लेकिन बीते साल में उनकी संपत्ति में भारी गिरावट आने से वह पिछड़ गए हैं.

जनवरी में अमेरिकी निवेश एवं शोध कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट आने के बाद अडाणी समूह के शेयरों में बड़ी गिरावट आई. इससे अडाणी एवं उनके परिवार की कुल संपत्ति 82 अरब डॉलर की भारी गिरावट के साथ 68 अरब डॉलर हो गई. फोर्ब्स ने कहा, “जियो फाइनेंशियल र्सिवसेज को अलग कर शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने के फौरन बाद अंबानी ने अगस्त में अपने तीनों बच्चों को रिलायंस के निदेशक मंडल में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में जगह देकर अपनी उत्तराधिकार योजना को मजबूती दी.” इस बीच, फोर्ब्स की 2023 सूची के मुताबिक भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की सामूहिक संपत्ति इस साल 799 अरब डॉलर पर स्थिर बनी रही.

सॉफ्टवेयर कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज के प्रमुख शिव नादर दो पायदान चढ़कर 29.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर लौट आए हैं. पिछले साल एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में 42 फीसदी का उछाल आने से उनकी संपत्ति बढ़ी है. बिजली और इस्पात क्षेत्र में सक्रिय ओपी जिंदल समूह की प्रमुख सावित्री जिंदल इस सूची में चौथे स्थान पर मौजूद हैं. उनकी संपत्ति 46 प्रतिशत बढ़कर 24 अरब डॉलर हो गई है.

एवेन्यू सुपरमार्ट्स के राधाकिशन दमानी सबसे अमीर भारतीयों की सूची में पांचवें स्थान पर हैं. पिछले साल उनकी संपत्ति 27.6 अरब डॉलर से घटकर 23 अरब डॉलर हो गई. फोर्ब्स सूची के अनुसार, चिकित्सक से उद्यमी बने केरल के शमशीर वायलिल 3.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 57वें स्थान पर पहुंच गए हैं. इस साल उनकी संपत्ति 68 प्रतिशत बढ़ गई है जिससे वह भारत के सबसे अमीर डॉक्टर बन गए हैं. शमशीर इस सूची में सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्रवासी भारतीय भी हैं.

साइरस पूनावाला 20.7 अरब डॉलर संपत्ति के साथ सूची में छठे और हिंदुजा परिवार 20 अरब डॉलर संपत्ति के साथ सातवें स्थान पर है. दिलीप सांघवी 19 अरब डॉलर संपत्ति के साथ आठवें, कुमार मंगलम बिड़ला 17.5 अरब डॉलर संपत्ति के साथ नौंवें और शापूर मिस्त्री एवं परिवार 16.9 अरब डॉलर के साथ दसवें स्थान पर मौजूद है.

फोर्ब्स एशिया की एशिया संपत्ति संपादक एवं भारत संपादक नाजनीन करमाली ने कहा, “भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक निवेशकों के बीच इसे काफी पसंद किया जाता है. उस तेजी ने इस साल भारत के 100 सबसे अमीरों के विशिष्ट क्लब को और भी खास बना दिया है. इस सूची में शामिल होने के लिए न्यूनतम संपत्ति का कटऑफ रिकॉर्ड 2.3 अरब डॉलर हो गया है.” यह सूची परिवारों एवं व्यक्तियों, शेयर बाजारों, विश्लेषकों और नियामकीय एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर तैयार की गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu