लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट का शामिल होना तय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 Oct 2023 06:55 PM
लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट का शामिल होना तय
ऑडियो सुनें

मुंबई. लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट का शामिल होना लगभग तय है चूंकि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के कार्यकारी बोर्ड ने शुक्रवार को आयोजन समिति के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी . आईओसी के कार्यकारी बोर्ड की यहां थॉमस बाख की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें टी20 क्रिकेट, बेसबॉल – साफ्टबॉल, फ्लैग फुटबॉल, लेक्रोस (सिक्सेस) और स्क्वाश को भी 2028 खेलों में शामिल करने को मंजूरी मिली. इस प्रस्ताव पर रविवार को आईओसी के सत्र के दौरान मतदान होगा.

अगर इसे मंजूरी मिल जाती है तो क्रिकेट की महाशक्ति होने के नाते 2028 ओलंपिक में भारत की पदक जीतने की संभावना बढ जायेगी. बाख ने कहा कि ये पांच खेल सिर्फ 2028 लॉस एंजिलिस खेलों में शामिल किये जायेंगे. कार्यकारी बोर्ड की दो दिवसीय बैठक के बाद बाख ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,” आईओसी को तीन अलग अलग फैसले लेने पड़े . पहला लॉस एंजिलिस ओलंपिक आयोजन समिति के पांच नये खेलों को शामिल करने के प्रस्ताव से जुड़ा था . ये पांच खेल क्रिकेट, बेसबॉल – साफ्टबॉल, फ्लैग फुटबॉल, लेक्रोस (सिक्सेस) और स्क्वाश हैं .”

उन्होंने कहा ,” हमने क्रिकेट खासकर टी20 प्रारूप की बढती लोकप्रियता देखी है . पचास ओवरों का विश्व कप भी बेहद कामयाब हो चुका है .” अगर मंजूरी मिल जाती है तो क्रिकेट 1900 के बाद पहली बार ओलंपिक का हिस्सा होगा. लॉस एंजिलिस ओलंपिक आयोजन समिति ने महिला और पुरूष वर्ग में छह टीमों के टूर्नामेंट का प्रस्ताव रखा है. मेजबान होने के नाते अमेरिका की टीमें होंगी हालांकि टीमों और क्वालीफिकेशन प्रक्रिया के बारे में अंतिम फैसला बाद में लिया जायेगा.

आईओसी के खेल निदेशक किट मैकोनेल ने कहा ,’ प्रस्ताव टीम खेलों में प्रति स्पर्धा छह छह टीम रखने का है . टीमों की संख्या और क्वालीफिकेशन के बारे में विस्तार से अभी बात नहीं हुई है . यह 2025 के आसपास तय होगा .” बाख ने कहा ,” अभी यह प्रस्ताव के स्तर पर ही है . पहले आईओसी सत्र में इस पर बात होगी .”

उन्होंने कहा कि आईओसी क्रिकेट को उसके पारंपरिक गढों से आगे ले जाने के लिये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के साथ मिलकर काम करेगी. उन्होंने कहा ,” जैसा कि हम सभी खेलों में करते हैं, हम वैश्विक संस्था के साथ मिलकर काम करेंगे . हम राष्ट्रीय संघों के साथ काम नहीं करते . हम अंतरराष्ट्रीय महासंघों के साथ मिलकर काम करते हैं और देखेंगे कि दुनिया भर में क्रिकेट को और लोकप्रिय कैसे बनाया जा सकता है .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu