यरूशलम. इजराइल और हमास संघर्ष के बीच 212 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के बाद, भारतीय नागरिकों का दूसरा जत्था शुक्रवार शाम को उड़ान भरेगा. भारत ने सात अक्टूबर को गाजा से हमास के उग्रवादियों द्वारा इजरायल के शहरों पर किए गए हमलों के बाद घर लौटने के इच्छुक लोगों की वापसी के लिए बृहस्पतिवार को ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू किया .
भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ”दूतावास ने आज विशेष उड़ान के लिए पंजीकृत भारतीय नागरिकों को ईमेल किया है. अन्य पंजीकृत लोगों को बाद की उड़ानों के लिए संदेश भेजे जाएंगे.” इज़राइल से भारतीय नागरिकों की वापसी के लिए पहली विशेष उड़ान बृहस्पतिवार देर शाम बेन गुरियन हवाई अड्डे से 211 वयस्कों और एक शिशु को लेकर रवाना हुई और शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंची.
मिशन के डेटाबेस में सभी भारतीयों को पंजीकृत करने के लिए भारतीय दूतावास द्वारा शुरू किए गए अभियान के बाद यात्रियों को ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर चुना गया है और उनकी वापसी का खर्च सरकार उठा रही है . इज़राइल में लगभग 18,000 भारतीय नागरिक रहते और काम करते हैं, जिनमें छात्र, आईटी पेशेवर और हीरा व्यापारी भी शामिल हैं.
शनिवार को हमास लड़ाकों द्वारा सुरक्षा बाड़ को तोड़कर जमीन, हवा और समुद्र के रास्ते इजराइल में घुसने के बाद भारतीय नागरिकों को निकालने की जरूरत हुई. हमास के हमले में इज़राइल में 1,300 से अधिक लोग मारे गए हैं जबकि इज़राइल के जवाबी हवाई हमलों में गाजा में 1,530 से अधिक लोग मारे गए हैं. इज़राइल ने दावा किया है कि इज़राइल के अंदर लगभग 1,500 हमास उग्रवादी मारे गये हैं.
प्रधानमंत्री मोदी की ‘मजबूत और संवेदनशील’ सरकार इजराइल से प्रत्येक भारतीय को सुरक्षित लाएगी: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि भारत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत और संवेदनशील सरकार है जो इजराइल में फंसे प्रत्येक भारतीय की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेगी. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इजराइल से 200 से अधिक भारतीयों के पहले जत्थे को सुरक्षित वापस लाने के लिए सरकार की प्रशंसा की और इसे ‘अभूतपूर्व बचाव मिशन’ बताया.
उन्होंने कहा, ”जब वहां इस तरह का भयावह दृश्य है, ऐसे में एक संवेदनशील और सुदृढ़ सरकार मजबूत कदम उठा रही है. ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत विशेष विमान से 212 भारतीयों को सुरक्षित वापस लाया गया है. यह पूरे भारत के लिए गौरव का क्षण है.” छात्रों सहित भारतीयों का पहला जत्था शुक्रवार को तड़के एक चार्टर्ड उड़ान से इजराइल से स्वदेश लौटा.
भारत ने हमास के चरमपंथियों द्वारा शनिवार को इजराइल पर हमले किये जाने के बाद स्वदेश वापस आना चाह रहे लोगों की सुविधा के लिए ‘ऑपरेशन अजय’ चलाया है. भाटिया ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समझना चाहिए कि सरकार इजराइल में फंसे हुए भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की जिम्मेदारी पूरी कर रही है और संसाधनों की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा, ”मैं वहां भारतीयों से शांत और सुरक्षित रहने की अपील करता हूं. और हम सुनिश्चित करेंगे कि वे सभी सुरक्षित भारत लौटें. यह हमारी आपके लिए प्रतिबद्धता है.” भाटिया ने कहा, ”हम युद्धग्रस्त क्षेत्र में फंसे प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे.”