फलस्तीन में मृतक संख्या 2,300 के पार पहुंची, गाजा के लिए सबसे घातक बना मौजूदा युद्ध

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Oct 2023 09:27 PM
फलस्तीन में मृतक संख्या 2,300 के पार पहुंची, गाजा के लिए सबसे घातक बना मौजूदा युद्ध
ऑडियो सुनें

दीर अल बलाह (गाजा पट्टी)/वाशिंगटन. हमास और इजराइल के बीच जारी मौजूदा संघर्ष में 2,329 फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है और यह पांच गाजा युद्धों में से फलस्तीनियों के लिए सबसे घातक युद्ध बन गया है. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी. संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, इजराइल और हमास के बीच 2014 में हुए युद्ध में 2,251 फलस्तीनियों की मौत हुई थी, जिनमें से 1,462 आम नागरिक थे. मौजूदा युद्ध में मृतक संख्या रविवार को 2014 में हुए युद्ध की मृतक संख्या को पार कर गई.

वर्ष 2014 में हुआ युद्ध छह सप्ताह चला था और इसमें इजराइली पक्ष के 74 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें छह आम नागरिक शामिल थे. मौजूदा युद्ध लगभग एक सप्ताह पहले उस समय शुरू हुआ था, जब हमास के आतंकवादियों ने अचानक दक्षिणी इजराइल में हमला कर दिया था. इन हमलों में 1,300 से अधिक इजराइली मारे गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हैं.
इजराइल के लिए यह मिस्र और सीरिया के साथ 1973 में हुए युद्ध के बाद से अब तक का सबसे घातक युद्ध साबित हो रहा है.

बाइडन ने गाजा में बढ़ते तनाव के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू, फलस्तीन के राष्ट्रपति अब्बास से बात की
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने फलस्तीन के आतंकवादी संगठन हमास की ओर से इजराइल पर हमला किए जाने के बाद जारी युद्ध के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और फलस्तीनी प्राधिकरण के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से बात की. अमेरिका ने ‘यूएसएस ड्वाइट डी आइजनहोवर कैरियर स्ट्राइक ग्रुप’ (सीएसजी) को पूर्वी भूमध्य सागर की ओर भेजना भी शुरू कर दिया है.

व्हाइट हाउस के मुताबिक, बाइडन ने अब्बास के साथ बातचीत में इजराइल पर हमास के क्रूर हमलों की निंदा की और कहा कि आतंकवादी समूह ”फलस्तीन के लोगों के सम्मान और आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए खड़ा नहीं है.” व्हाइट हाउस ने बताया कि बाइडन ने नेतन्याहू के साथ बातचीत में उन्हें अमेरिकी सैन्य सहयोग के बारे में अद्यतन जानकारी दी. उन्होंने संघर्ष को बढ़ावा देने की मंशा रखने वालों को भी चेताया.

राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, ”आज दोपहर राष्ट्रपति बाइडन ने इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू से बात की और अमेरिकी सैन्य समर्थन के बारे में जानकारी दी. उन्होंने संघर्ष को बढ़ावा देने की कोशिश करने वालों को भी चेतावनी दी.” इसमें कहा गया है कि बाइडन ने पानी, भोजन और चिकित्सा देखभाल तक निर्दोष नागरिकों की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र, मिस्र, जॉर्डन, इजराइल और क्षेत्र के अन्य सहयोगियों के साथ अमेरिका के समन्वय पर नेतन्याहू के साथ चर्चा की. बाइडन ने अब्बास से बात की और इजराइल पर हमास के हमलों की निंदा की.

व्हाइट हाउस ने कहा, ”अब्बास ने बाइडन को क्षेत्र में अपनी भागीदारी और फलस्तीनी लोगों, विशेषकर गाजा में तत्काल आवश्यक मानवीय सहायता पहुंचाने के अपने प्रयासों के बारे में जानकारी दी. बाइडन ने अब्बास और फलस्तीनी प्राधिकरण को इन प्रयासों में अपना पूरा समर्थन देने की बात कही.” गाजा में अपने सैनिकों को भेजने की इजराइल की संभावित योजना के बीच अमेरिका ने दुनिया भर के देशों से बातचीत तेज कर दी है. अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शनिवार को अपने चीनी समकक्ष वांग यी से बात की थी.

विदेश मंत्रालय ने कहा, ”इजराइल के साथ खड़े होने और हमास द्वारा किए गए आतंकवादी हमलों की निंदा करने के बाइडन प्रशासन के राजनयिक प्रयासों के तहत मंत्री ने इजराइल की अपनी रक्षा करने के अधिकार के प्रति अमेरिकी समर्थन दोहराया और हमास से हमलों को तत्काल रोकने तथा सभी बंधकों को रिहा करने की मांग की.” अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने शनिवार को सीएसजी को पूर्वी भूमध्य सागर की ओर बढ़ने का निर्देश दिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu