खान यूनिस/पेरिस. इजराइल ने मंगलवार को दक्षिणी गाजा के इलाकों में बमबारी की, जहां इसने फलस्तीनियों को अपने संभावित जमीनी हमले से पहले क्षेत्र खाली करने को कहा था. हमले में कई लोग मारे गए हैं. इजराइल ने कहा कि हमला हमास चरमपंथियों को लक्षित था, जिसका इस क्षेत्र पर शासन है.
पिछले हफ्ते इजराइल पर किये गए हमास के बर्बर हमले के बाद से गाजा में पानी, ईंधन या खाद्यान्नों की आपूर्ति नहीं की जा रही. वहीं, मध्यस्थों को क्षेत्र में परेशान लाखों नागरिकों, सहायता समूहों और अस्पतालों को राहत सहायता मुहैया करने के लिए गतिरोध तोड़ने में संघर्ष करना पड़ रहा है.
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन क्षेत्र का दौरा करने के लिए तैयार हैं. वह और विश्व के अन्य नेता युद्ध को एक व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष में तब्दील होने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं. इस बीच, अमेरिका की मध्य कमान के प्रमुख जनरल एरिक कुरिला, बुधवार के बाइडन के दौरे से पहले इजराइली सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक के लिए तेल अवीव पहुंच गये हैं. बाइडन क्षेत्र में संघर्ष के फैलने की आशंका के बीच अरब मुल्कों के नेताओं से मिलने के लिए जार्डन की भी यात्रा करेंगे.
लेबनान से लगी इजराइल की सीमा पर मंगलवार को हिंसा भड़क गई, जहां ईरान सर्मिथत हिजबुल्ला आतंकी सक्रिय हैं. स्थानीय निवासियों ने बताया कि गाजा के दक्षिणी शहर राफा और खान यूनिस में हवाई हमलों में घायल हुए लोगों को अस्पताल ले जाया गया. हमास के एक शीर्ष अधिकारी और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बसमी नईम ने बताया कि राफा में 27 तथा खान यूनिस में 30 लोग मारे गये हैं.
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के एक संवाददाता ने देखा कि करीब 50 शवों को खान यूनिस में नसीर हॉस्पिटल लाया गया. खून से सनी चादरों में लिपटे शवों को लेने के लिए परिवार के सदस्य वहां आये हुए थे.
देइर अल बला में एक हवाई हमले ने एक मकान को मलबे में तब्दील कर दिया. उसमें रह रहे एक परिवार के नौ सदस्य मारे गए. गाजा सिटी से बचा कर लाये गए एक अन्य परिवार के तीन सदस्यों को इसके पड़ोस में स्थित एक घर में रखा गया था, वे भी इस हमले में मारे गए. मृतकों में एक पुरुष और 11 महिलाएं तथा बच्चे शामिल हैं. प्रत्यक्षर्दिशयों ने बताया कि हमले से पहले कोई चेतावनी नहीं दी गई थी.
इजराइली सेना ने कहा कि वह हमास के ठिकानों, बुनियादी ढांचों और कमान केंद्रों को निशाना बना रही है. इजराइली सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल रिचर्ड हेच ने कहा, ”जब हम एक लक्ष्य देखते हैं, जब हम किसी चीज को हरकत करते देखते हैं तो उसे हमास समझते हैं. हम इससे निपटेंगे.” मध्य गाजा में बुरेजी शरणार्थी शिविर पर किये गए हमले में हमास का कमांडर अयमान नोफल मारा गया. समूह की सैन्य शाखा ने यह जानकारी दी. युद्ध में अब तक मारा गया यह सबसे प्रमुख चरमपंथी है.
नोफल मध्य गाजा पार्टी में हमास की चरमपंथी गतिविधियों का प्रभारी था और समूह के ‘संयुक्त अभियान’ कक्ष को तैयार करने से संबद्ध था, जो हमास, फलस्तीनी इस्लामी जिहाद और क्षेत्र में अन्य चरमपंथियों के बीच समन्वय का काम करता था. संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने दक्षिणी गाजा पलायन करने की कोशिश कर रहे नागरिकों के एक सैन्य हमले में मारे जाने की खबरों पर चिंता जताई है.
मानवाधिकार कार्यालय की प्रवक्ता रवीना शामदासानी ने इजरायली सैनिकों से “हवाई बमबारी, अंधाधुंध हमले” करने से बचने तथा इन्हें टालने के लिए सावधानी बरतने, और किसी भी सूरत में जनहानि को न्यूनतम करने की अपील की है. इजराइल ने अपने दक्षिणी हिस्से में सात अक्टूबर को हुए हमले में 1,400 से अधिक लोगों के मारे जाने के बाद से हमास शासित गाजा की घेराबंदी की और बमबारी की है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गाजा में इजराइली हमले में कम से कम 2,778 लोग मारे गये हैं और 9,700 अन्य घायल हुए हैं.
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, मृतकों में दो-तिहाई बच्चे हैं. अधिकारियों ने बताया कि गाजा में और 1,200 लोग मलबे में दफन हो गए. आपात सेवा दलों को लोगों को बचाने में मशक्कत करनी पड़ रही है क्योंकि ईंधन की कमी हो गई है और वे हवाई हमलों का सामना कर रहे हैं.
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को इजराइली लड़ाकू विमानों ने गाजा शहर में नागरिक रक्षा मुख्यालय पर हमला किया, जिसमें सात चिकित्साकर्मी मारे गए. इसके अलावा, चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहे 10 चिकित्साकर्मी और चिकित्सक भी मारे गए हैं.
इजराइल ने जमीनी हमले के लिए सीमा पर काफी संख्या में सैनिकों को भेजा है, लेकिन हेच ने मंगलवार को कहा कि इस सिलसिले में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है.
उन्होंने कहा, ”इन योजनाओं को तैयार किया जा रहा है. उन पर फैसला किया जाएगा, और हमारे राजनीतिक नेतृत्व को पेश किया जाएगा.” हवाई हमले, आवश्यक वस्तुओं की कमी, और नागरिकों को दिए गए गाजा पट्टी के उत्तरी क्षेत्र को खाली करने के इजराइल के आदेश ने 23 लाख की आबादी वाले इस क्षेत्र का संकट बढ.ा दिया है.
संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि 10 लाख से अधिक फलस्तीनी अपना घर-बार छोड़ कर पलायन कर गये हैं, और 60 प्रतिशत लोग अब निकासी क्षेत्र के दक्षिण में करीब 14 किलोमीटर लंबे इलाके में हैं. गाजा में, दक्षिणी हिस्से में चार लाख से अधिक विस्थापित लोग स्कूलों और फलस्तीनियों के लिए काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों के भवनों में शरण लिए हुए हैं.
सहायता र्किमयों ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अस्पतालों की बिजली आपूर्ति बंद होने के कगार पर है, जिससे हजारों मरीजों की जान को खतरा पैदा हो गया है. हजारों लोग भोजन के लिए दर-दर भटक रहे हैं. मिस्र से जोड़ने वाले गाजा के एकमात्र स्थान राफा क्रॉसिंग पर राहत सहायता सामग्री से लदे ट्रक क्षेत्र में प्रवेश की मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं.
मध्यस्थ, सीमा खुलवाने के लिए संघर्ष विराम कराने की कोशिश कर रहे हैं. इजराइली हवाई हमले के बाद पिछले सप्ताह से सीमा बंद है. सोमवार को ऐसा लगा था कि एक समझौते पर सहमति बन गई है लेकिन इजराइल ने राफा में संघर्ष विराम होने की खबरों से इनकार किया.
मिस्र के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि उनका देश और इजराइल इस बात पर सहमत हुआ है कि सीमा पर राहत सहायता सामग्री वाले काफिले गाजा और इजराइल के बीच केरेम शालोम क्रॉसिंग पर जांच के लिए इजराइल में प्रवेश करेंगे. इसके बाद इसे गाजा में जाने की अनुमति दी जाएगी. विश्व खाद्य कार्यक्रम ने कहा है कि उसका 300 टन खाद्यान्न गाजा ले जाने के लिए रखा हुआ है.
इजराइल ने लेबनान से लगी अपनी उत्तर सीमा को खाली करा दिया है, जहां उसकी सेना और ईरान सर्मिथत हिजबुल्ला समूह के बीच दोनों ओर से कई बार गोलाबारी हुई है. इजराइल ने कहा है कि उसने चार आत्मघाती चरमपंथियों को मार गिराया है, जो मंगलवार सुबह लेबनान से देश में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे. इस बीच, इजराइली सेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हगारी ने कहा, ”लेबनान से लगी सीमा के जो कोई नजदीक आएगा, मारा जाएगा.”
इजराइल पर हमास के हमले में फ्रांस के 21 नागरिकों की मौत, 11 लापता
फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को पुष्टि की है कि इजराइल पर हमास के आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में उसके 21 नागरिक मारे गए हैं जबकि 11 अन्य लापता हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने मंगलवार को अलबानिया में बातचीत के दौरान कहा कि उनकी सरकार गाजा में बंधक बनाए गए अपने नागरिकों को रिहा कराने के लिए ‘हर संभव’ कोशिश कर रही है. मैक्रों ने कहा, ” यह इजराइली नागरिकों, फलस्तीनी आम लोगों और पूरे क्षेत्र के लिए मुश्किल समय है. यह दिखाता है कि (अनसुलझा) मुद्दा राजनीतिक है और इसे शांतिपूर्ण प्रक्रिया के बिना सुलझाया नहीं जा सकता है.”