सिंधिया ने दिग्विजय के ‘चुनाव छोड़कर भाग गए’ वाले बयान को किया खारिज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Oct 2023 07:16 PM
सिंधिया ने दिग्विजय के ‘चुनाव छोड़कर भाग गए’ वाले बयान को किया खारिज
ऑडियो सुनें

ग्वालियर/भोपाल. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के उस तंज को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह(सिंधिया) मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ”भाग गए”. तीन साल पहले कांग्रेस छोड़ने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सिंधिया ने पूछा, ”क्या आप दिग्विजय सिंह को गंभीरता से लेते हैं?” यहां पत्रकारों ने उनसे सिंह की टिप्पणी के बारे में पूछा कि कांग्रेस ने शिवपुरी से केपी सिंह को टिकट दिया, जबकि उसने इस क्षेत्र से पूर्व भाजपा विधायक वीरेंद्र रघुवंशी को टिकट देने का वादा किया था, क्योंकि ऐसी उम्मीद थी कि भाजपा के उम्मीदवार के रूप में ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी से चुनाव लड़ेंगे.

दिग्विजय ने सोमवार को कहा कि आखिरकार सिंधिया ”डरकर भाग गए”. सत्तारूढ. भाजपा ने अगले माह होने वाले विधानसभा चुनाव में तीन केंद्रीय मंत्रियों को मैदान में उतारा है. भाजपा की यशोधरा राजे सिंधिया ने 2018 में शिवपुरी से जीत हासिल की थी लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस बार चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया. इस बीच, शिवपुरी और अशोक नगर के कुछ कांग्रेस नेता यहां सिंधिया की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए.

कन्या पूजन के बाद ”नौटंकी” वाले तंज के लिए शिवराज ने दिग्विजय की आलोचना की

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि वह उनका (शिवराज सिंह) और सनातन धर्म का विरोध करते-करते इतने नीचे गिर गए हैं कि बेटियों की पूजा का विरोध कर रहे हैं. दिग्विजय ने एक दिन पहले नवरात्रि में कन्या पूजन का अनुष्ठान करने के लिए मुख्यमंत्री चौहान को ”नाटकबाज” करार दिया था.

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व से देवी के रूप में कन्याओं की पूजा करने के “सनातन संस्कार” पर अपना रुख स्पष्ट करने को भी कहा है. ‘कन्या पूजन’ देश के कई हिस्सों में नवमी या नवरात्र के नौवें दिन मनाई जाने वाली परंपरा है. चौहान और उनकी पत्नी ने सोमवार को अपने आधिकारिक आवास पर अनुष्ठान किया इस दौरान उन्होंने कन्याओं के पैर भी धोये.

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने संवाददाताओं से कहा, ”ये पीड़ादायक है. कन्या पूजन सनातन संस्कार है और कल पूरा देश यही कर रहा था. आप (दिग्विजय सिंह) इसे नाटक-नौटंकी कहते हैं. ये आपके संस्कार हैं दिग्विजय सिंह.” चौहान द्वारा अनुष्ठान करने के बाद सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री एक “बड़े नाटकबाज” हैं जो झूठ बोलते हैं.

चौहान ने कहा, ”केवल आहत लोग ही बेटियों और बहनों की पूजा कर सकते हैं. मैं मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी से पूछना चाहता हूं…क्या बेटियों की पूजा करना नाटक-नौटंकी है? कांग्रेस का रुख क्या है?” चौहान ने कहा, “दिग्विजय सिंह जी, आप शिवराज सिंह और सनातन धर्म का विरोध करते-करते इतने नीचे गिर गए हैं कि बेटियों की पूजा का विरोध कर रहे हैं.” मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होने हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu