जर्मनी के तट पर दो जहाज आपस में टकराए, एक नाविक की मौत, चार लापता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Oct 2023 07:56 PM
जर्मनी के तट पर दो जहाज आपस में टकराए, एक नाविक की मौत, चार लापता
ऑडियो सुनें

बर्लिन. जर्मनी के तट पर उत्तरी सागर में मंगलवार को दो मालवाहक जहाज आपस में टकरा गए और उनमें से एक जहाज डूब गया. जर्मनी के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना में एक नाविक की मौत हो गई और चार अन्य लापता हो गए.

जर्मनी के ‘सेंट्रल कमांड फॉर मैरीटाइम इमरजेंसी’ ने बताया कि हेल्गोलैंड द्वीप से करीब 22 किलोमीटर दूर दक्षिणपश्चिम में मंगलवार सुबह पांच बजे दो जहाज आपस में टकरा गए. दुर्घटनास्थल, लैंगेओग द्वीप से लगभग 31 किलोमीटर उत्तर पूर्व में है जो जर्मन मुख्य भूमि से कुछ ही दूर है. इमरजेंसी कमांड ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त एक जहाज डूब गया जिस पर ब्रिटिश ध्वज था. उस जहाज में सात लोग सवार थे. उसने कहा कि दो नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक शव बरामद किया गया है. चार लोग अब भी लापता हैं.

उसने कहा कि 299 फुट लंबा और 46 फुट चौड़ा ‘वेरिटी’ जहाज जर्मनी के ब्रेमेन से ब्रिटेन के इम्मिनघम बंदरगाह की ओर जा रहा था.
दूसरे विशाल जहाज ‘पोलेसी’ पर बहामास का ध्वज लगा था. उस पर 22 लोग सवार थे. वह जहाज हैमबर्ग से स्पेन के कोरुआ की ओर जा रहा था. पोलेसी 623 फुट लंबा और 95 फुट चौड़ा जहाज है. दो जहाजों के बीच टक्कर के कारणों के संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu