आरपीआई (ए) छत्तीसगढ़ में चुनाव नहीं लड़ेगी लेकिन भाजपा सरकार बनने पर प्रतिनिधित्व मांगेगी : अठावले

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Oct 2023 09:35 PM
आरपीआई (ए) छत्तीसगढ़ में चुनाव नहीं लड़ेगी लेकिन भाजपा सरकार बनने पर प्रतिनिधित्व मांगेगी : अठावले

ऑडियो सुनें

रायपुर. केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए),छत्तीसगढ़ में चुनाव नहीं लड़ेगी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य में सत्ता आने की स्थिति में वह सरकार में प्रतिनिधित्व मांगेगी.

अठावले की पार्टी आरपीआई (ए) केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है. रायपुर प्रेस क्लब में बृहस्पतिवार शाम एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरपीआई (ए) के अध्यक्ष ने कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत का विश्वास जताया.

अठावले ने कहा, ”आरपीआई(ए), राजग की सहयोगी है और उसने राज्य की सभी 90 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन करने का फैसला किया है. हम छत्तीसगढ़ में किसी भी सीट पर चुनाव नहीं लड़ेंगे. यदि भाजपा राज्य में सत्ता में आती है तो आरपीआई को सरकार में हिस्सेदारी मिलनी चाहिए. मैं इस बारे में रमन सिंह (पूर्व मुख्यमंत्री) से बात करूंगा.” उन्होंने सत्ताधारी दल कांग्रेस पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि मौजूदा भूपेंद्र सिंह बघेल सरकार के दौरान भ्रष्टाचार बढ़ गया है और लोग इस बार बदलाव चाहते हैं.

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”हमें विश्वास है कि भाजपा सत्ता में आएगी क्योंकि (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी ने बहुत काम किया है. उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की नीति पर काम किया है.” आरपीआई (ए) ने छत्तीसगढ़ में 2018 विधानसभा चुनाव में सात सीटों पर चुनाव लड़ा था. पार्टी को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था. पार्टी को 2018 में केवल 3,257 मत (कुल डाले गए मतों का 0.02 प्रतिशत) मिले थे.

By Yogesh Kumar Sahu