कांग्रेस पार्टी लूट, भ्रष्टाचार, परिवारवाद का पर्याय : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Nov 2023 07:34 PM
कांग्रेस पार्टी लूट, भ्रष्टाचार, परिवारवाद का पर्याय : नड्डा

ऑडियो सुनें

जशपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यहां सोमवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि यह पार्टी लूट, अत्याचार, भ्रष्टाचार और परिवारवाद का पर्याय है. छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि राज्य में भूपेश बघेल सरकार लूट और धोखे की गारंटी है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”भारत 2027-28 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा.” उन्होंने कहा, ”कांग्रेस पार्टी का मतलब-लूट, भ्रष्टाचार, अत्याचार, धोखा, विनाशकारी नीति, परिवारवाद और वंशवाद है. जहां भी कांग्रेस होगी, वहां भ्रष्टाचार होगा.” अपनी पार्टी की सराहना करते हुए नड्डा ने कहा, ”भाजपा का मतलब विकास, संवृद्धि और लोगों का कल्याण है.”

नड्डा ने कहा, ”हमें आपकी परवाह है, लेकिन उन्हें भ्रष्टाचार और लूट की परवाह है…आपको पनडुब्बी घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला, कोयला घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला, मनरेगा घोटाला याद होगा.” उन्होंने राज्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए कहा, ”भूपेश बघेल की सरकार धोखा और भ्रष्टाचार की गारंटी है. राज्य में शराब घोटाला, डीएमएफ घोटाला, शिक्षक स्थानांतरण घोटाला, चावल घोटाला और गौठान घोटाला हुआ.”

नड्डा ने आरोप लगाया, ”मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी पिछले डेढ़ साल से जेल में हैं. उन्होंने महादेव (भगवान शिव) के नाम को भी नहीं बख्शा और महादेव सट्टेबाजी ऐप के जरिए घोटाला किया. सत्ता में आने के लिए ‘सट्टे’ (सट्टेबाजी) का घोटाला किया गया.” उन्होंने कहा कि असीम दास ने जांच एजेंसी को पूछताछ में बताया कि वह चुनाव में भूपेश बघेल को देने के लिए दुबई से पैसे लेकर आया था.

नड्डा ने लोगों से पूछा कि यह धोखेबाज और लूट की सरकार है या नहीं, लोगों ने इसका ‘हां’ में जवाब दिया. उन्होंने कहा, ”दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है. देश दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.” भाजपा नेता ने कहा, ”2024 (लोकसभा चुनाव) में जब आप हमें चुनेंगे तो उसके बाद देश 2027-28 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा.” पत्थलगांव उन 70 विधानसभा क्षेत्रों में शामिल है, जहां दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा. राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान होगा. मंगलवार को 20 सीट पर पहले चरण में मतदान होगा.

By Yogesh Kumar Sahu