
दीपों के त्योहार के बीच रविवार को भारतीय टीम नीदरलैंड केे खिलाफ देशवासियों को खुशियों की सौगात देने उतरेगी। टीम इंडिया अब तक इस विश्व कप में एक भी मैच नहीं हारी है। रोहित शर्मा की टीम की यही कोशिश रहेगी कि भारत अपराजेय का रिकॉर्ड लेकर सेमीफाइनल में खेलने उतरे। रोहित ने ऐसा कर दिया तो विश्व कप में लगातार नौ मैच जीतने वाले वह देश के पहले कप्तान होंगे।
भारतीय टीम ने भी कभी विश्व कप में लगातार नौ मैच नहीं जीते हैं। वहीं विराट कोहली के पास दीपावली पर वनडे में शतकों का अर्धशतक लगाने का सुनहरा मौका होगा। अगर वह ऐसा कर लेते हैं तो न सिर्फ सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे बल्कि वनडे में 50 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।
543 रन बना चुके हैं विराट कोहली
विराट के पास यहां शतक लगाने का सुनहरा मौका इस वजह से भी है, क्यों कि वह शानदार फार्म में चल रहे हैं। इस विश्व कप में दो शतकों की मदद से 543 रन बना चुके हैं। उनकी बल्लेबाजी भी ऐसी रही है कि एक बार निगाहें जमने के बाद वह विकेट देते नजर नहीं आए हैं। फिर वह चिन्नास्वामी स्टेडियम की रग-रग से वाकिफ हैं। आरसीबी का होने के नाते यहां उन्हें जबरदस्त समर्थन मिलेगा। विराट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक लगाकर सचिन के वनडे में सर्वाधिक 49 शतक की बराबरी की थी।
यह भी पहली बार है जब विराट ने विश्व कप में 500 से अधिक रन बनाए हैं। वह इससे पहले 2011 में 282, 2015 में 305 और 2019 के विश्व कप में 443 रन बना चुके हैं। यह पहला ऐसा विश्व कप है जिसमें वह भारतीय बल्लेबाजों में रनों के मामले में अव्वल चल रहे हैं। 2011 में सचिन, 2015 में शिखर धवन और 2019 में रोहित शर्मा का जलवा रहा था।



