कोहली ने शतकों के अर्धशतक के साथ तेंदुलकर को पीछे छोड़ा

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Wed, 15 Nov 2023 09:23 PM
कोहली ने शतकों के अर्धशतक के साथ तेंदुलकर को पीछे छोड़ा
ऑडियो सुनें

मुंबई. विराट कोहली बुधवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल के दौरान अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए खेल के इतिहास में 50 एकदिवसीय शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए. कोहली ने तेज गेंदबाज लॉकी फग्र्यूसन की गेंद को स्क्वायर लेग पर खेल कर दो रन के साथ 106 गेंद में अपना शतक पूरा किया. उन्होंने करियर की 279 वीं पारी में शतकों का अर्धशतक पूरा किया. कोहली ने वानखेड़े स्टेडियम में महान तेंदुलकर की मौजूदगी में यह उपलब्धि हासिल की.

खास बात यह है कि 15 नवंबर 1989 को अपने करियर का आगाज करने वाले तेंदुलकर ने इसी मैदान पर 15 नवंबर (2013) को आखिरी बार भारत के लिए बल्लेबाजी की थी. यह टेस्ट मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया था. तेंदुलकर ने कोहली की इस उपलब्धि के बाद ‘एक्स’ पर लिखा, ” जब मैं पहली बार आपसे भारतीय ड्रेसिंग रूम में मिला था, तब टीम के अन्य साथियों ने मजाक करते हुए आपको मेरा पैर छूने के लिए मजबूर किया था. मैं उस दिन अपनी हंसी नहीं रोक सका था. आपने अपने जुनून और कौशल से मेरे दिल को छू लिया. मैं बहुत खुश हूं कि वह युवा लड़का एक ‘विराट’ खिलाड़ी बन गया है.”

उन्होंने लिखा, ” मुझे इससे ज्यादा खुशी नहीं हो सकती कि एक भारतीय ने मेरा रिकॉर्ड तोड़ा. और इसे सबसे बड़े मंच (विश्व कप सेमीफाइनल में) और अपने घरेलू मैदान पर हासिल करना सोने पर सुहागा है.” इससे पहले कोहली ने पांच नवंबर को जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 49वां शतक लगाकर तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी की थी तब इस महान बल्लेबाज ने उम्मीद जतायी थी कि वह अपना 50वां शतक जल्द पूरा करेंगे.

तेंदुलकर ने तब ‘एक्स’ पर लिखा था, ”शानदार खेल दिखाया विराट. इसी साल की शुरुआत में मुझे 49 से 50 (वर्ष) का होने में 365 दिन लगे. उम्मीद करता हूं कि आप 49 से 50 (शतक) तक पहुंचोगे और अगले कुछ दिनों में मेरा रिकॉर्ड तोड़ोगे. बधाई हो.” कोहली ने इसके साथ ही विश्व कप के एक सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी तेंदुलकर (2003 में 673 रन) के रिकॉर्ड को पीछे छोड दिया.
कोहली के नाम इस विश्व कप में दो शतक और तीन अर्धशतक के साथ 711 रन है. इस दौरान 10 पारियों में उनका औसत 101 से अधिक का है.

कोहली इस दौरान मौजूदा विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक (591) को पीछे छोड़ते हुए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए. इन दोनों के बाद न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र (578) हैं. विश्व कप में यह कोहली का पांचवां शतक है. वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में कुमार संगाकारा और रिकी पोंटिंग के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर है. इस सूची में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (सात) और तेंदुलकर (छह) शीर्ष दो स्थान पर है.

वह वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के बाद मामले में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गये.
तेंदुलकर 18,426 रनों के साथ इस सूची में शीर्ष पर हैं, उनके बाद कुमार संगकारा (14,234) हैं. कोहली ने रिकी पोंटिंग (13,704) को पछाड़कर तीसरा स्थान हासिल किया. कोहली के नाम 291 मैचों में 13794 रन है.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 VIDEO भाजपा नेता को कारण बताओ नोटिस, अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद का एक्शन
  2. 2 Berlin Dialogue यूरोपीय देशों को आईना दिखाया केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने, बोले- दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी हमारी, मगर कार्बन उत्सर्जन में आप हमसे 15 प्रतिशत ज्यादा हैं’ WATCH VIDEO
  3. 3 Today’s news : 4 देशों में भूकंप, 4 राज्यों में विधान परिषद के चुनाव, 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश, खेल में भारत को दो नए गोल्ड, जानिए प्रमुख खबरें
  4. 4 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news